जबलपुर, : भारतीय पशु चिकित्सा परिषद (VCI) के उपाध्यक्ष डॉ. संदीप इंगले ने 4–5 मई 2026 के दौरान दो दिवसीय दौरे पर पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय, जबलपुर का व्यापक निरीक्षण किया। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो मनदीप शर्मा के निर्देशानुसार वी सी आई के इस निरिक्षण हेतु व्यापक तैयारियां की गई थी।
पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय आगमन पर अधिष्ठाता डॉ. राखी वैश्य ने उपाध्यक्ष को विभिन्न विभागों में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।विश्वविद्यालय कुलसचिव डॉ एस एस तोमर ने बताया कि वीसीआई मापदंडों की पूर्ती के लिए सभी प्रस्ताव भेजे गए हैं।
यह निरीक्षण VCI के मानकों एवं आवश्यकताओं के अनुसार संस्थान की शैक्षणिक, आधारभूत संरचना एवं नैदानिक सुविधाओं के मूल्यांकन हेतु किया गया। दौरे के दौरान महाविद्यालय के विभिन्न भागों का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिनमें शैक्षणिक विभाग, शिक्षण फार्म, पशु चिकित्सा क्लिनिक, पुस्तकालय, छात्रावास, प्रयोगशालाएँ, एनसीसी इकाई तथा सभागार शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान आधारभूत संरचना की पर्याप्तता, संकाय की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति, प्रयोगशाला सुविधाएँ, शिक्षण सामग्री एवं नमूना संग्रह आदि का विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया। इस दौरान शिक्षण पशु फार्म एवं पशु चिकित्सा क्लिनिक की सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की विशेष सराहना की गई।
दौरे के अंतर्गत डॉ. इंगले ने विभागाध्यक्षों एवं संकाय सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक भी की। इस दौरान शैक्षणिक प्रदर्शन, शोध गतिविधियाँ, नैदानिक सेवाएँ तथा महाविद्यालय की भविष्य की विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। संकाय सदस्यों ने भी सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।निरीक्षण का संचालन डॉ. मधु स्वामी, डॉ. अपरा श
शाही, डॉ. आदित्य मिश्रा, डॉ. बी. रॉय, डॉ. डी. के. गुप्ता, डॉ. एम. एस. ठाकुर, डॉ. अमिता तिवारी, डॉ. देवेंद्र पोढ़ाडे, डॉ. अमिता दुबे, डॉ. असित जैन, डॉ. सचिन जैन, डॉ. पायल जैन, डॉ. सुमन तथा डॉ. आकांक्षा सिंह आदि के सामूहिक सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।