जबलपुर – समर्थन मूल्य पर उपार्जन की अवधि के दौरान निजी गोदामों में भण्डारित गेहूँ की निकासी रोक लगाने के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर आज बुधवार को राजस्व अधिकारियों की टीम ने पनागर तहसील में दो निजी गोदामों को सील करने की कार्यवाही की।
तहसीलदार पनागर सरफराज अली ने पनागर के समीप भरदा में बड़गैया वेयर हाउस ब्रांच बड़खेरा को गेहूं भंडारित पाये जाने पर सील करने की कार्यवाही की। वहीं, बघोड़ा स्थित स्वास्तिक वेयर हाउस को भी राजस्व विभाग के अमले द्वारा गेहूँ भण्डारित पाये जाने पर उपार्जन अवधि तक के लिये सील किया गया। ज्ञात हो कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जिले में स्थित ऐसे सभी गोदामों से गेहूँ की निकासी पर रोक लगाने के आदेश दिये हैं, जहाँ पूर्व से गेहूँ भण्डारित है। उन्होंने ऐसे गोदामों को उपार्जन अवधि सील करने के निर्देश भी दिये हैं, ताकि बिचौलियों या व्यापारियों द्वारा किसानों की आड़ में पुराने गेहूँ की रीसाइक्लिंग कर उपार्जन व्यवस्था का अनुचित लाभ न उठाया जा सके।