भाजपा मंडल मंत्री के घर बमबाजी से आग लगी, सदर गली नंबर 9 में वारदात, क्षेत्र में दहशत

जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित गली नंबर 9 में मंगलवार की देर रात लगभग 2 बजे भाजपा मंडल मंत्री के घर पर बम फेंके जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार सदर बाजार निवासी भाजपा मंडल मंत्री बंटी शिवहरे (स्वप्न) अपने मकान नंबर 380 की तीसरी मंजिल पर परिवार के साथ सो रहे थे। रात करीब 2 बजे अचानक उनके घर की बिजली चली गई। जब उन्होंने बाहर झांककर देखा तो नीचे सड़क पर लोगों की भीड़ लगी हुई थी।
बंटी शिवहरे नीचे पहुंचे तो पड़ोसियों ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर बम जैसा पदार्थ फेंका था। तेज धमाके के साथ आग लग गई, जो पास में खड़े दुपहिया वाहनों तक फैल गई थी। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। बंटी शिवहरे ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है, ऐसे में यह हमला क्यों किया गया, यह समझ से परे है।
उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत कैंट थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।