जबलपुर। रानीताल गेट नंबर 3 के समीप नव-नामांकित भगवान विश्वकर्मा चौक के लोकार्पण अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि यह केवल एक चौक का नामकरण नहीं, बल्कि विश्वकर्मा समाज के सम्मान, योगदान और गौरव की औपचारिक स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करना नगर निगम का दायित्व था, जिसे आज पूर्ण किया गया।उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और तकनीकी कौशल के प्रतीक हैं, और उनके नाम पर चौक का नामकरण शहर के विकास और श्रम-सम्मान की भावना को और मजबूत करेगा। इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे, विधायक अभिलाष पांडेय, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, एमआईसी सदस्य, विवेक राम सोनकर, डॉ सुभाष तिवारी, समाजसेवी संदीप जैन, सुधांशु गुप्ता, श्री विश्वकर्मा महासंगठन मप्र के अध्यक्ष रमेश विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में विश्वकर्मा समाज के सामाजिक बंधुओं की उपस्थिति रही।