जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कालेज के बच्चा वार्ड (एचएनसीयू) के बाहर शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक धुआं उठने से अफरा तफरी मच गई| मरीज और उनके परिजन बच्चों को ले-लेकर बाहर निकलने लगे| इस घटना से चिकित्सा ओर सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। बताया गया है कि इस हादसे में एक नवजात शिशु की मौत हो गई, लेकिन मेडिकल प्रबंधन ने इसे नकारते हुए कहा कि नवजात की मौत घटना से पहले हुई थी और उसका इस हादसे से कोई संबंध नहीं है|
भेड़ाघाट के मीरगंज क्षेत्र से आए एक परिवार ने डॉक्टरों पर उपचार में कोताही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना ने बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थानों में मरीजों की सुरक्षा और वरिष्ठ डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
मीरगंज निवासी हर्ष बर्मन ने अपनी पत्नी को 20 मार्च को प्रसव के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया था। प्रसव के उपरांत एक स्वस्थ बालक का जन्म हुआ जिससे परिवार में उल्लास था। जन्म के 4 दिन बाद अचानक नवजात को श्वांस लेने में कठिनाई महसूस हुई। परिजनों ने तत्काल ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा स्टाफ को इसकी सूचना दी। आरोप है कि बच्चे को इस दौरान एक दवा दी गई जिसके तुरंत बाद उसकी स्थिति बिगड़ने लगी और कुछ ही समय में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का दावा है कि यदि समय रहते विशेषज्ञ डॉक्टर बच्चे की जांच करते तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर कड़े आरोप लगाए हैं। बच्चे की मृत्यु की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार और उनके परिचितों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए दोषी स्टाफ के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद अस्पताल में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुआं उठने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वार्ड की ओर दौड़ पड़े थे। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के दौरान ही एक नवजात की मौत की खबर भी सामने आई, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि नवजात की मौत घटना से पहले हुई थी और उसका इस हादसे से कोई संबंध नहीं है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी उठने और धुआं फैलने की बात सामने आई है. उन्होंने बताया कि घटना वार्ड के बाहर हुई थी। अंदर भर्ती सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। वहीं गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि वार्ड के बाहर लगे एक पंखे में शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठा था, जिसे ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत नियंत्रित कर लिया।