मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्कवाड ने ली चप्पे-चप्पे की तलाशी


जबलपुर, । शहर के मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध ई-मेल के जरिए कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई| प्रवर डॉक अधीक्षक द्वारा इस घटना की सूचना तत्काल सिविल लाइन पुलिस को दी गई| पुलिस बल डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचा| कार्यालय के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई और पार्सल के डिब्बों को मैटल डिटेक्टर लगाकर चैक किया गया, लेकिन कही कोई संदिग्ध वस्तु और विस्फोटक सामग्री नहीं मिली|


सिविल लाईन पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर 12.15 बजे सिविल लाईन संभागायुक्त स्थित मुख्य डाकघर के प्रवर अधीक्षक की मेल में एक धमकी भरा संदेश आया, जिसमें लिखा था कि मुख्य डाकघर और पास पोर्ट कार्यालय को बम से उड़ा दिया जायेगा| इस ईमेल को चैक करने के बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया, कर्मचारी कार्य छोड़कर बाहर निकल आए|

सिविल लाईन पुलिस को घटना की सूचना दी गई| कंट्रोलरुम से वायरलेस से इस घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाईन के अलावा, केंट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कवाड भी मौके पर पहुंचा| लगभग 1 घंटे तक पूरे कार्यालय की सर्चिंग की गई| कार्यालय का कोना-कोना तलाश गया|

पार्सल डाक सब चैक किए गए| कही कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, इसके बाद लोगों की जान में जान आई और कर्मचारी अपने-अपने काम पर जुटे| दो घंटे तक कामकाज ठप्प था| यहां उल्लेखनीय है कि इस तरह की धमकी भरे संदेश पहले भी कई कार्यालयों में आ चुके है|

इसके पहले डुमना एयरपोर्ट उड़ाने का मामला सामने आया था और इसी तरह हाईकोर्ट में भी इसी तरह का एक मामला प्रकाश में आ चुका है| पुलिस ने अज्ञात आरोपी कि खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है|


हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. जिसके बाद धमकी को फर्जी माना गया. खबर है कि धमकी भरे मेल में मध्य प्रदेश के अन्य जोन के पासपोर्ट कार्यालयों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं.