जबलपुर। गढ़ा में स्थित श्री अवधेश्वर राजा राम मंदिर हनुमान बाग धाम में रामनवमी के अवसर पर भव्य श्रीराम रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। हनुमान बाग धाम के संस्थापक धर्म विभूषण पंडित ब्रजेश महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 मार्च दिन शुक्रवार को शाम 4 बजे से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्म उत्सव पर श्रीराम रथ यात्रा का आयोजन किया गया है।
ज्ञातव्य हो कि इस रथयात्रा का यह दसवाँ वर्ष है। सर्वप्रथम सम्पूर्ण राम दरबार के गर्भगृह में विराजित भगवान राम के विग्रह स्वरूप का अभिषेक, पूजन किया जाएगा। तत्पश्चात् भगवान श्रीराम रथ यात्रा के रूप में नगर भ्रमण करने के लिए निकलेंगे। जिसमें श्रीराम रथ के साथ अश्व दल, बैंड दल, धमाल पार्टी एवं विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक चेतना हेतु झांकियाँ सम्मिलित की गई हैं।
रथ यात्रा मार्ग श्री हनुमान बाग धाम से छोटी बजरिया, आनंदकुंज, गढ़ा बाजार, पंडा मढ़िया, शाही नाका, संजीवनी नगर, गौतम जी की मढ़िया, गुलौआ चौक, शुक्ला नगर, एकता चौक, बी.टी. तिराहा, छोटी बजरिया होते हुए हनुमान बाग धाम में पूर्ण होगी।
श्रीराम रथयात्रा का स्वागत उपनगरीय गढ़ा क्षेत्र की विभिन्न दुर्गोत्सव समतियाँ, गणेश उत्सव समितियाँ एवं विभिन्न सामाजिक धार्मिक संस्थाएँ करेंगी। हनुमान बाग धाम के संस्थापक धर्म विभूषण पंडित ब्रजेश महाराज एवं समिति पदाधिकारी, अभय पचौरी, डॉ. आशीष मिश्रा, दीपक उपाध्याय, आशु सेठी, सुधीर चौरसिया, अवधेश पचौरी, मुकेश मिश्रा, नीरज सोनी, कपिल विश्वकर्मा, नवीन सोनी, अभिषेक शुक्ला, रवि सेन, अखिलेश चौरसिया, अजय पाठक, नितिन पाण्डेय, सुशील विश्वकर्मा आदि ने क्षेत्र के सभी धर्म प्रेमियों से रथयात्रा में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।