जबलपुर| राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक 13, 14 और 15 मार्च 2026 को हरियाणा के समालखा में सम्पन्न हुई। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। देशभर से अपेक्षित 1493 कार्यकर्ताओं में से 1438 कार्यकर्ता बैठक में उपस्थित रहे।
यह जानकारी जबलपुर में अखिल भारतीय परिषद के चौथा ब्रिज मार्ग स्थित कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में डॉ. प्रदीप दुबे, प्रांत संघचालक एवं विनोद कुमार, प्रांत प्रचार प्रमुख ने दी। इस अवसर पर विभाग प्रचार प्रमुख विनय सोलंकी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
6 हजार शाखाएं बढ़ी………..
श्री दुबे ने बताया गत वर्ष संगठन कार्य में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। संघ की शाखाओं में लगभग छह हजार की वृद्धि के साथ कुल संख्या 88 हजार 949 हो गई है। स्थानों की संख्या भी चार हजार बढ़कर 55 हजार 683 हो गई है। साप्ताहिक मिलन 32 हजार 606 तथा संघ मंडली 13 हजार 211 हो गए हैं। महाकौशल प्रांत में भी 533 शाखाओं की वृद्धि के साथ कुल 3 हजार 078 शाखाएं हो गई हैं। यहां स्थानों की संख्या 402 बढ़कर 2 हजार 141 हो गई है। साप्ताहिक मिलन 918 तथा संघ मंडली 954 संचालित हो रहे हैं।
संघ मना रहा शताब्दी वर्ष…
पत्रकारवार्ता में बताया गया कि विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक संघ का शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इस क्रम में देशभर में 62,555 विजयादशमी उत्सव आयोजित हुए, जिनमें 32,45,141 तरुण बाल स्वयंसेवक उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त 22 हजार 656 स्थानों पर विजयादशमी पथ संचलन हुए, जिनमें 25 लाख 45 हजार 818 तरुण बाल स्वयंसेवक शामिल हुए। महाकौशल प्रांत में 3 हजार 138 स्थानों पर विजयादशमी उत्सव हुए, जिनमें 1 लाख 77 हजार 988 तरुण, बाल एवं शिशु स्वयंसेवक सहभागी बने।
गृह संपर्क और हिन्दू सम्मेलन जारी…
उन्होंने बताया कि अभी तक सम्पन्न 46 प्रांतों में से 37 प्रांतों में गृह संपर्क अभियान चलाया गया। इसके तहत 3 लाख 89 हजार 465 ग्राम और नगरीय क्षेत्र की 31 हजार 141 बस्तियों के 10 करोड़ 02 लाख 12 हजार 161 घरों में संपर्क किया गया। महाकौशल प्रांत में 20 हजार 483 ग्राम और 933 नगरीय बस्तियों के 43 लाख 49 हजार 923 घरों में संपर्क हुआ।
इसी प्रकार 37 प्रांतों में हिन्दू सम्मेलन आयोजित हुए। ग्रामीण क्षेत्र में 23 हजार 141 मंडल सम्मेलन और नगरीय क्षेत्र में 13 हजार 905 बस्ती सम्मेलन संपन्न हुए, जिनमें 1 करोड़ 55 लाख 95 हजार 124 महिलाएं और 1 करोड़ 93 लाख 40 हजार 087 पुरुष उपस्थित रहे। कुल उपस्थिति 3 करोड़ 49 लाख 35 हजार 211 रही।
महाकौशल प्रांत में 2 हजार 178 मंडल सम्मेलन और 863 बस्ती सम्मेलन आयोजित हुए, जिनमें 9 लाख 87 हजार 326 महिलाएं और 14 लाख 57 हजार 495 पुरुष शामिल हुए। कुल 23 लाख 48 हजार 042 लोगों की सहभागिता रही। जबलपुर महानगर के कृषि भाग की सुहागी बस्ती में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की प्रमुख उपस्थिति में हिन्दू सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें 4 हजार 500 लोग सहभागी रहे।
वर्तमान में बड़ी संख्या में युवा संघ कार्य से जुड़ रहे हैं। इस वर्ष महाकौशल प्रांत के सभी 34 जिलों में युवा सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनमें 50 हजार 100 युवाओं ने भाग लिया।