महिला दिवस पर कैंसर और थैलेसीमिया जागरूकता के लिए कार रैली

जबलपुर। समाज में कैंसर और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जीतो लेडीज़ विंग, जबलपुर द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष अवेयरनेस कार रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से शहरवासियों को इन बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए समय रहते जांच और उपचार के लिए प्रेरित किया गया।
रैली का शुभारंभ महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं यामिनी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में 150 से ज्यादा कारों ने भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शहर में विभिन्न स्थानों से गुजरकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
रैली के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में मेडिकल विशेषज्ञों द्वारा ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर विषय पर व्याख्यान दिया गया। डॉ. श्रद्धा पाठक, डॉ. राखी बाजपेई, डॉ. निधि जैन एवं डॉ. रीति सेठ ने महिलाओं को इन बीमारियों के शुरुआती लक्षण, समय पर जांच की आवश्यकता, बचाव के उपाय और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
जीतो लेडीज़ विंग की अध्यक्षा विनीता बड़कुल और सचिव नीलिमा जैन ने बताया कि इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा कैंसर और थैलेसीमिया जैसी बीमारियों की समय रहते पहचान और बचाव के लिए प्रेरित करना है।
इस आयोजन में जीतो जबलपुर चैप्टर, यूथ विंग और सक्षम संगठन का भी सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।