दूध के दाम ₹5 लीटर बढ़ाने की तैयारी

जबलपुर।  गर्मी की आहट के साथ ही दूध के दामों में  हमेशा की तरह 5 रुपये लीटर दूध के दाम बढ़ेंगे फिर आक्रोश बढ़ने पर  दो रुपये घटा दिये जाएंगे. इस पर प्रशासन और डेयरी संचालक दोनों सहमत हो जाएंगे, अंत में बोझ आम जनता की जेब पर पड़ेगा. सूत्रों की मानें तो एक बार फिर दूध के दाम बढ़ाने की तैयारी हो चुकी है. होली के बाद 10 मार्च से दूध के दाम 78 रुपये लीटर होने जा रहे हैं. पिछले साल भी 70 से 75 हुये थे, बाद में दो रुपये घटाकर 73 रुपये दाम तय कर दिये गये. इसेक बाद आघोषित रूप से दूध 75 रुपये लीटर ही बिक रहा था. दरअसल हर साल गर्मी में दही और लस्सी के निर्माण में बड़ी तदाद में दूध की आवश्यकता होती है. जबलपुर से दूध का महाराष्ट्र के नागपुर में निर्यात होता है, उसकी वजह से मांग और आपूर्ती का संतुलन गड़बड़ाने पर हर साल दाम बढ़ाए जाते हैं जो बाद में कभी नहीं घटते.
सूत्रों के अनुसार, डेयरी संचालकों ने दूध के दामों में वृद्धि की प्रस्तावना पर चर्चा पूरी कर ली है. मार्च के दूसरे हफ्ते से दूध के दाम 5 रुपये लीटर बढ़ा तय है. जिसके बाद अब दूध की नई कीमत बढ़कर  78 रुपये लीटर हो जाएगी. डेयरी संचालकों ने दूध के दाम बढ़ाने पर तर्क यह दिया है की सभी चीजों की महंगाई बढ़ रही है. पशुओं में गाय और भैंस भी अब चार गुने दामों पर मिल रहे, वहीं उनका आहार खली चुनी और भूसा सब महंगा हो गया है, जिससे दूध की उत्पादन लागत बढ़ गई है. लिहाजा दाम बढ़ाना मजबूरी हो गई है.
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि दूध के दाम बढ़ने का सीधा असर केवल चाय या दूध के गिलास तक सीमित नहीं रहेगा। बाजार में दही, मठा (छाछ), पनीर और आइसक्रीम लस्सीऔर छेने की मिठाई के दाम भी बढ़ेंगे।