जायका टीम ने भोपाल में एमपी ट्रांसको की परियोजनाओं का किया सूक्ष्म मूल्यांकन

 भोपाल। जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जायका) की इवैल्यूएटर सुश्री हिसाए ताकाहाशी एवं भारतीय प्रतिनिधि श्री कुनाल गुप्ता ने मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में जायका-2 वित्तपोषित परियोजनाओं के अंतर्गत भोपाल में किए गए कार्यों का निरीक्षण एवं सूक्ष्म मूल्यांकन किया।

टीम ने 132 केवी महावड़िया सबस्टेशन तथा 132 केवी महावड़िया–मुगलियाछाप डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता, लागत, क्रियान्वयन एवं रखरखाव संबंधी जानकारी ली। साथ ही संचालन-संधारण व्यवस्था, कर्मचारियों की भूमिका, आपातकालीन तैयारी और पर्यावरणीय प्रभावों की भी समीक्षा की।टीम ने परियोजनाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पाया ।

व्यापारियों से लिया फीडबैक ……….

जायका टीम ने सबस्टेशन के आसपास के व्यापारियों से भी चर्चा की, जिन्होंने बताया कि सबस्टेशन के निर्माण से क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई है, जिससे व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों में सकारात्मक सुधार आया है। निरीक्षण के दौरान एमपी ट्रांसको के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.