जबलपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के 8 छात्रों को 6 माह के लिए निलंबित कर दिया गया| इस अवधि में ये छात्र हॉस्टल में नहीं रह सकेंगे| दरअसल इन छात्रों पर रैगिंग का आरोप लगा हैं| मेडिकल प्रबंधन ने निलंबन के साथ साथ 10 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया हैं| गत गुरुवार को आदेश जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
इसके पूर्व मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग समिति की बैठक अधिष्ठाता सभा कक्ष में आयोजित की गई थी। बैठक में समिति अध्यक्ष सहित सभी छह सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने उपलब्ध दस्तावेजों, बयानों और निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर उक्त निर्णय लिया।
इन छात्रों पर कार्रवाई………
हॉस्टल में रैगिंग के आरोपी निलंबित छात्रों में नवदीप चौधरी, प्रकाश बावरिया, विक्रम सिंह मीणा, धर्मेंद्र कुशवाहा, केशव गौतम, सुदीप जायसवाल, नवनीत कुशवाहा और रवि मीणा शामिल हैं। सभी छात्र 2023 एमबीबीएस प्रवेश वर्ष के हैं।
एंटी रैगिंग स्क्वायड के अनुशासन और सहायक वार्डन द्वारा भेजे गए पत्रों को संज्ञान में लेकर शिकायत की जांच की गई। समिति के समक्ष शिकायतकर्ता छात्र कुनाल सूर्यवंशी (एमबीबीएस प्रवेश वर्ष 2024) के मौखिक बयान दर्ज किए गए। छात्र ने बताया कि हॉस्टल क्रमांक चार से एमबीबीएस प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के बाद जब छात्र अन्य हॉस्टलों में जाते हैं, तो वहां पहले से रह रहे वरिष्ठ छात्र उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।
समिति ने औचक निरीक्षण किया और विभिन्न वर्षों के छात्रों से चर्चा की। वरिष्ठ छात्रों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। सभी साक्ष्यों के अवलोकन के बाद शिकायत को प्रथम दृष्टया सही पाया गया।
नेताजी सुभाषचंद बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर की एंटी रैगिंग समिति में अध्यक्ष डॉ. नटवरलाल अग्रवाल, सचिव डॉ. रुचिर खरे सहित डॉ. यूपी दीपंकर, डॉ. कविता सचदेवा, डॉ. अफताब अहमद खान, डॉ. अमरीश तिवारी, डॉ. शुभांशु शर्मा, छात्र प्रतिनिधि सलेहा रजवानी और स्टाफ प्रतिनिधि सुषमा चौकसे शामिल थीं।