जबलपुर। शहर में लूट की वारदाते थमने का नाम नहीं ले रही हैं| शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में लुटेरों के हौसले बुलंद हैं| पिछले 24 घंटों के दौरान कोतवाली में चाकू की नोंक पर एक युवक से मोबाइल लूट लिया गया| वहीं जबलपुर से लगे पनागर क्षेत्र के ग्रामीण इलाके कुशनेर क्षेत्र में चाकू अड़ाकर एक महिला बाउंसर का मंगलसूत्र लूटकर ले गए, साथ ही बैग भी छीन लिया, बैग में मोबाइल रखा हुआ था| दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिए है परंतु आरोपी गिरफ्त से बाहर है|
पनागर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधी ग्राम बुढ़ागर निवासी 30 वर्षीय श्रीमति हेमलता बर्मन एक होटल में बाउंसर है| कल रात वह अपने घर से स्कूटी में अपने मायके महाराजपुर जा रही थी| इसी बीच कुसनेर ब्रिज के नीचे सफेद एक्सिस वाहन में आए तीन अज्ञात लड़कों ने अपना वाहन महिला की स्कूटी के सामने अड़ा दिया और चाकू गले में रखकर उसका मंगलसूत्र और बैग लूट लिया| बैग में आधारकार्ड की फोटो कॉपी, रेडमी कम्पनी का मोबाईल तथा नगदी 2 हजार रूपये रखे थे। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग गए| पुलिस लूट का मामला दर्ज कर मामलें की विवेचना कर रही है| आरोपी अभी फरार है|
इसी तरह कोतवाली थान अतंर्गत जगदम्बा कालोनी निवासी 20 वर्षीय जागेश्वर कुमार झारिया कल रात अपने चाचा के घर बल्देवबाग आया था उनसे मिलने के बाद पैदल अपने घर उखरी रोड लौट रहा था तभी मरघटाई के पास मरघटाई उखरी रोड पर सामने चल रहे भण्डारे में वह प्रसाद खाने लगा| इसी बीच एक लड़का आया और उसने चाकू निकालकर बोला मेरा नाम कृष्णा दुबे है फोन दे नहीं तो चाकू मार दूंगा| उसे डराकर उसका मोबाइल फोन लेकर भाग गया| आरोपी युवक की मोटर साइकिल पर पीछे नम्बर नही था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया हैं| आरोपियों की तलाश की जा रही हैं|