जबलपुर में प्रांत प्रचारकों का जमघट आज से, आरएसएस की कार्यकारी मंडल की बैठक प्रारंभ होगी, डॉ. भागवत 30 को आयेंगे


जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कार्यकारिणी बैठक आज से शुरु हो रही है| शहर में आज से स्वयंसेवकों का जमघट लगेगा, आज से विभिन्न प्रांतो के प्रांत प्रचारक जबलपुर पहुंचना शुरु हो जायेंगे| 30 अक्टूबर को सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सहकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले का नगर आगमन होगा| वे यहां कचनार क्लब में आयोजित अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। यह आयोजन संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में किया जा रहा है, जिसमें संघ की भावी कार्ययोजनाओं और राष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
उनके आगमन से पहले ही सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। एसपीजी तथा स्थानीय पुलिस बल ने आयोजन स्थल की कमान संभाल ली है। स्निफर डॉग स्क्वॉड द्वारा स्थल की बारीकी से जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने भी सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। जबलपुर प्रवास के दौरान डॉ. भागवत कचनार क्लब में स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। इसमें बड़ी संख्या में संघ पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

तीन दिवसीय राष्ट्रीय बैठक …

इस बार आरएसएस का अखिल भारतीय स्तर का आयोजन जबलपुर में हो रहा है। 30-31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2025 को आयोजित इस बैठक में देशभर से शीर्ष पदाधिकारी शामिल होंगे।
इनमें सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, संघ के छह सह-सरकार्यवाह, देश के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह, प्रचारक, सह-प्रांत पदाधिकारी और उनके प्रचारक उपस्थित रहेंगे।

शताब्दी वर्ष को लेकर समीक्षा ..

आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष का शुभारंभ हाल ही में विजयादशमी पर्व पर नागपुर सहित देशभर में हुए विशेष उत्सवों के माध्यम से किया गया है। बैठक में शताब्दी वर्ष की अब तक की तैयारियों की समीक्षा, संघ के विस्तार संबंधी वार्षिक कार्ययोजना पर विचार, विजयादशमी 2026 तक संगठनात्मक लक्ष्यों की पूर्ति पर कार्य, समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श, किया जाएगा। प्रत्येक प्रांत अपने-अपने शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत करेगा।

विजयनगर चमन …….

आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर विजयनगर क्षेत्र में चमन कर दिया गया है यहां की सभी सड़के चकाचक हो गई और प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त हो गई है| आज से ट्रेफिक प्लान भी लागू हो जायेगा, विजयनगर और कचनार सिटी जाने वाले मार्ग के तमाम अतिक्रमण भी हटा दिए गए है|