युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर हलचल बढी, दावेदारों ने दिखाई ताकत



जबलपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर आज जबलपुर प्रवास पर आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लंबे समय से निष्क्रिय दिख भारतीय जनता युवा मोर्चा की नगर इकाई में अचानक सक्रियता दिखाई दे रही है और शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों व इलाकों में स्वागत बैनर और पोस्टर बड़ी संख्या में लगाए गए हैं।


दरअसल, जबलपुर में युवा मोर्चा नगर इकाई का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, जिसके चलते संगठन में नई नियुक्तियों को लेकर चर्चा तेज है। ऐसे में विभिन्न पदों के दावेदार इस दौरे को अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर मान रहे हैं और शक्ति प्रदर्शन में जुटे हुए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार श्याम टेलर का सुबह करीब 8 बजे डुमनाविमानतल पर आगमन प्रस्तावित है। यहां से वे रैली के रुप में मालगोदाम चौक पहुंचेंगे जहां रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करेंगे उसके बाद रैली बंगाली क्लब पहुंचेगी, जहां विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करेंगे, यहां से रैली रानीताल कार्यालय पहुंचेगी जहां कार्यकर्ताओं से संवाद होगा और शाम 5.30 बजे मां नर्मदा जी की आरती में शामिल होंगे, रात 8 बजे मीसाबंदी परिवार से भेंट करेंगे| रात्रि विश्राम जबलपुर में करने के बाद अगले दिन प्रस्थान करेंगे|

उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा रैली और स्वागत मंच की तैयारियां की गई हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद दिनभर संगठनात्मक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा, जिसमें कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात, संगठनात्मक समीक्षा, पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठकें, और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा शामिल है।


बताया जा रहा है कि बैठकों का यह दौर देर रात तक चल सकता है, जिससे संगठन के भीतर नई ऊर्जा और दिशा तय होने की संभावना जताई जा रही है।

दावेदारों की सक्रियता बढ़ी …

नगर इकाई के पुनर्गठन की संभावनाओं के बीच युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न गुटों द्वारा अपने-अपने स्तर पर बैनर-पोस्टर लगाकर और स्वागत कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर अपनी दावेदारी मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।