एमपी ट्रांसको ने 500 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर किया ऊर्जीकृत
जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने मंदसौर 400 केवी सबस्टेशन में 400/220 के वी वोल्टेज लेवल के 500 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफॉर्मर को स्थापित कर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया है। यह उपलब्धि प्रदेश मे बिजली आपूर्ति को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि यह प्रोजेक्ट एमपी ट्रांसको की कार्यकुशलता और उपभोक्ता हित में प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि
इससे न केवल क्षेत्र की ऊर्जा मांगों को भरोसेमंद समर्थन मिलेगा बल्कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश की बिजली व्यवस्था और अधिक मजबूत व विश्वसनीय बनेगी।
चंबल पंपिंग परियोजनाओं को भी मिलेगी मदद
सेंट्रल ग्रिड से मध्यप्रदेश के हिस्से का पावर और सौर ऊर्जा उत्पादन में तेजी के साथ चंबल पंपिंग परियोजनाओं की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अधिक क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर की आवश्यकता थी। नया 500 एमवीए पावर ट्रांसफॉर्मर इन सभी आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा मे एक कदम है।
सोलर पावर निकासी होगी सुलभ
एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता श्री राजीव अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस परियोजना के पूरा होने से विभिन्न 220 केवी सबस्टेशनों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उच्च क्षमता वाला यह पावर ट्रांसफार्मर सोलर पावर की बड़े पैमाने पर निकासी को और सुलभ बनाएगा।साथ ही
सिंचाई परियोजना के पंपिंग सब.स्टेशनों को भी इससे बिजली उपलब्ध होगी। पावरग्रिड के नीमच सबस्टेशन से अब मध्य प्रदेश को उसके हिस्से की पूरी बिजली नियमित रूप से मिलने के अलावा क्षेत्र में पावर ग्रिड द्वारा निर्माणाधीन 765 केवी सबस्टेशन से भविष्य में प्रदेश को अपने हिस्से की बिजली और अधिक सहजता से उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
एमपी ट्रांसको की ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी हुई 84000 के पार
मंदसौर में इस 500 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से मध्य प्रदेश राज्य की ट्रांसपोर्टेशन कैपेसिटी (पारेषण क्षमता) बढ़कर अब 88736 एम वी ए की हो गई है जिसमें एमपी ट्रांसको का हिस्सा 84023 एम वी ए का है मध्य प्रदेश राज्य द्वारा प्रदेश में 439 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सब स्टेशनों द्वारा विद्युत पारेषण किया जा रहा है जिसमें एमपी ट्रांसको के 417 सबस्टेशन शामिल है मध्य प्रदेश राज्य के ट्रांसमिशन नेटवर्क में 1091 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील है जिसमें एमपी ट्रांसको के 1043 पावर ट्रांसफार्मर है।