जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के इंजीनियरों ने तकनीकी दक्षता एवं उपलब्ध संसाधनों के कुशल उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। इंजीनियर्स ने एक 132 केवी सबस्टेशन में तकनीकी नवाचार का परिचय देते हुए पुराने कैपेसिटर बैंक के फाउंडेशन पर ही अधिक क्षमता का नया कैपेसिटर बैंक सफलतापूर्वक स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है। इससे सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्ता पूर्ण बिजली मानक वोल्टेज लेवल पर उपलब्ध हो रही है।
आगर स्थित 132 के वी सब स्टेशन में इंडक्टिव लोड बढ़ने के कारण पूर्व में स्थापित 5 एमवीएआर क्षमता का कैपेसिटर बैंक अपर्याप्त हो गया था, जिससे वोल्टेज प्रोफाइल प्रभावित हो रही थी। सीमित स्थान के कारण नए फाउंडेशन का निर्माण संभव नहीं था।
इस चुनौती का समाधान करते हुए एमपी ट्रांसको के सहायक अभियंता योगेश राठौर ने कार्यपालन अभियंता शेखर फटाले के मार्गदर्शन मे पुराने फाउंडेशन का ही उपयोग कर आवश्यक तकनीकी संशोधन किए और उसी फांउडेशन पर 12 एमवीएआर क्षमता का नया कैपेसिटर बैंक स्थापित किया। इससे समय, लागत और अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता से बचाव हुआ।