साली के मोबाइल पर वाइस मैसेज भेजकर पत्नी को दिया तलाक, तीन तलाक मामलें में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज


जबलपुर । ससुराल की प्रताड़ना से तंग आकर मायके में रह रही एक महिला के पति ने अपनी साली के मोबाइल पर वाइस मैसेज तीन बार तलाक, तलाक भेज दिया अब महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है| पुलिस के मुताबिक शादी के 10 साल बाद रिश्तों में आई दरार के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।
अधारताल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार अधारताल निवासी फरहीन अली ने एक लिखित शिकायत की, जिसमें कहा है कि उसका विवाह वर्ष 2010 में मुस्लिम रीति रिवाज से भानतलैया हनुमानताल निवासी वाहिद अली के साथ हुआ था। उसके 2 बच्चे हैं। शादी के कुछ समय बाद से पति वाहिद अली, ससुर नजर अली, सास सुल्ताना बानो, ननद शमा खान, नुशरत खान देवर जावेद अली द्वारा घरेलू बातों केा लेकर उसके शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। पति की मारपीट से परेशान होकर वह लगभग तीन माह से मायके में रही थी। 16 जनवरी को पति वाहिद ने फोन करके बोला कि ससुराल आ जाओ तो वह ससुराल भानतलैया आ गयी, पति द्वारा उसे लगातार परेशान किया गया था। महिला ने पुलिस को बताया कि घर में काम करने का बहाना करके उसे मायके छोड़ दिया और बच्चों को अपने पास रख लिया। उसने पति को फोन लगाकर ससुराल जाने के लिये कहा तो पति ने फोन पर गाली गलोज कर एवं तलाक देने की धमकी दी और 16 फरवरी को पति ने उसकी बहन के मोबाइल पर रात लगभग 10 बजे वायस मैसेज करके कहा कि, मैं वाहिद अली अपने होशो हवाश में फरहीन को तलाक देता हॅू, कहते हुये तीन तलाक दे दिया था।
पुलिस ने लिखित शिकायत पर धारा 85, 296, 115(2) बीएनएस तथा 4 मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकार का संरक्षण) अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।