जबलपुर | संस्कारधानी की गलियों में अब सिर्फ स्वच्छता की महक नहीं आएगी, बल्कि यहाँ की समृद्ध संस्कृति और खेलों की गूंज भी सुनाई देगी। नगर निगम के विशेष स्वच्छता अभियान के तहत राइट टाउन स्थित हवा महल के सामने की ‘बैक लेन’ को ‘संस्कार गली’ के रूप में नया जीवन दिया गया है। जो गली कभी गंदगी और उपेक्षा का शिकार थी, वह अब नागरिकों के लिए एक मनोरंजन और गौरव का केंद्र बन गई है।
*स्वच्छता के साथ खेल और सेहत का संगम*
नगर निगम के इस अनूठे प्रयास से अब बैक लेन का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। यहाँ नागरिक न केवल सुबह-शाम वॉक कर सकेंगे, बल्कि गली में ही कैरम और अन्य पारंपरिक खेलों का आनंद भी ले सकेंगे। दीवारें अब जबलपुर की ऐतिहासिक पहचान और कलाकृतियों से सजी हुई हैं, जो चलने वालों को एक सुखद अहसास कराएंगी।
*जब नेतृत्व ने खुद उठाया पेंट ब्रश*
इस परिवर्तन की खास बात यह रही कि शहर के प्रथम नागरिक, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू, स्वास्थ्य प्रभारी श्रीमती रजनी कैलाश साहू और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्वयं पेंट ब्रश थामकर दीवारों को रंगों से सजाया। उनके इस कदम ने न केवल कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि शहरवासियों को यह संदेश भी दिया कि शहर को सुंदर बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
*महिला दिवस पर ‘नारी शक्ति’ की सहभागिता*
आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस अभियान में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ‘संस्कार गली’ के निर्माण में महिलाओं की जनभागीदारी ने यह साबित कर दिया कि जब मातृशक्ति किसी अभियान से जुड़ती है, तो उसका सफल होना निश्चित है। इस पवित्र अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, स्वास्थ्य प्रभारी श्रीमती रजनी कैलाश साहू, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सभी उपस्थित महिलाओं और अन्य गणमान्य लोगों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।