यातायात डयूटी के दौरान अच्छा व्यवहार करें, ट्रेफिक अमले का एसपी ने लगाया दरबार


जबलपुर। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने शुक्रवार को यहां पुलिस लाईन स्थित परेड ग्राउंड में पुलिस की जनरल परेड का निरीक्षण किया, इस अवसर पर उन्होंने शहर के तीनों यातायात थानों में पदस्थ अधिकारियों का दरबार भी लगाया और यातायात व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक के परेड ग्राउंड पहुंचने पर रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य द्वारा सलामी दी गयी, तत्पश्चात परेड प्रारम्भ हुई। जनरल परेड के बाद पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय द्वारा परेड पर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों का निरीक्षण करते हुये अच्छे टर्नाउट वाले कर्मचारियों को पुरूस्कृत किया गया।

तत्पश्चात आपके द्वारा प्लाटूनों द्वारा की गयी अलग-अलग ड्रिल तथा आर्म्स ड्रिल एवं यातायात प्लाटून द्वारा की गयी मैनुअल यातायात संकेत ड्रिल का भी निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही परेड ग्राउंड पर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों से इन्सास राईफल, पिस्टल खोलने एवं जोड़ने का अभ्यास कराया गया।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थाना यातायात मालवीय चौक, यातायात गढा एवं यातायात घमापुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दरबार लगाते हुए शहर की यातायात व्यवस्था के संबंध चर्चा की और बेहतर डयूटी कर यातायात को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यातायात ड्यूटी के दौरान सभी से अच्छा व्यवहार करने की नसीहत दी, और बीडीवार्म कैमरे का उपयोग करने को कहा। आपने यातायात कर्मचारियो की समस्यायें सुनी और उनका त्वरित निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।


जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी, सहित जिले में पदस्थ समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी शहर, देहात सहित थानो से लगे 125 अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।