कोटा। दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र चांदखेड़ी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान को सुदृढ़ करते हुए दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के 30वें राष्ट्रीय अधिवेशन की मेजबानी की, जो अभूतपूर्व भव्यता, अनुशासन और उत्साह के बीच सम्पन्न हुआ। देशभर से आए प्रतिनिधियों की व्यापक सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक आयाम प्रदान किया।
अधिवेशन का शुभारंभ श्रीजी के अभिषेक पूजन से हुआ। इसके पश्चात महिला बैंड दल की मधुर धुनों के बीच राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा धर्म ध्वजारोहण किया गया। मुख्य पंडाल का उद्घाटन मुल्कराज–अंजली बादशाह ने किया, जबकि चंद्रोदय ग्रुप के बालकों ने मंगलाचरण की मनोहारी प्रस्तुति देकर वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चांदखेड़ी जैन तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष हुकमचंद जैन ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन “आदित्य” की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और ऊँचा किया। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झाँझरी, महासचिव विनय जैन, कोषाध्यक्ष अश्विन कासलीवाल, निवर्तमान अध्यक्ष राकेश विनायका एवं आशीष सूतवाला के नेतृत्व में उज्जैन रीजन के तत्वावधान में आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नितिन जैन के अनुसार 14 रीजन के 350 ग्रुपों से जुड़े 1000 से अधिक पदाधिकारी सपत्नीक अधिवेशन में शामिल हुए।
अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झाँझरी ने जनगणना में शत-प्रतिशत सहभागिता का आह्वान करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं जैन धर्म की प्रभावना से जुड़े प्रकल्पों को और अधिक गति देने का संकल्प व्यक्त किया। यह अधिवेशन संगठन की एकजुटता, सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।
अधिवेशन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए चंबल रीजन को सर्वश्रेष्ठ रीजन, सीए मनोज जैन, सुनील घिया, मयूरी पाटनी, मुल्कराज बादशा एवं मयंक जैन सहित कई पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में पियूष नेहा जैन, महावीर रुचि जैन, योगेश शिवांगी जैन एवं उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।