जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से संगीताचार्य पंडित सदाशिव भगवंत देशपांडे स्मृति समारोह का दो दिवसीय आयोजन 28 एवं 29 मार्च को होगा। यह प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन संस्कृति थियेटर, भंवरताल गार्डन जबलपुर में प्रतिदिन सायं 7 बजे से आयोजित होगा। उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के बारे में युवा पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से अनेक कार्यक्रम एवं नवाचार किए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत पंडित सदाशिव भगवंत देशपांडे, जिन्होंने भारतीय संगीत के प्रचार-प्रसार एवं नई पीढ़ी को शिक्षित करने के लिए अनेक कार्य किए। ऐसे व्यक्तित्व को स्मरण करना संगीत जगत के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समारोह के प्रथम दिवस 28 मार्च को उद्घाटन पश्चात ताल तरंग समूह, भोपाल द्वारा वाद्यवृंद प्रस्तुति होगी। इसके बाद दूसरी सभा डॉ. पारुल दीक्षित, ग्वालियर द्वारा गायन एवं तीसरी सभा में सुश्री प्रियंका जोशी एवं साथी, भोपाल द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति होगी।समारोह के दूसरे दिवस 29 मार्च को सजल सोनी एवं साथी, जबलपुर द्वारा सितार- सरोद जुगलबंदी होगी। दूसरी सभा में पंडित सुखदेव चतुर्वेदी, मुम्बई का ध्रुपद गायन होगा। तीसरी सभा में अद्रिजा बसु, कोलकाता का गायन एवं अंतिम सभा में सुश्री नीलांगी कलंत्रे एवं साथी, जबलपुर का कथक समूह नृत्य प्रस्तुति होगी।