जबलपुर । आधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभापुर पुल के पास शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी शिनाख्त पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त उप निरीक्षक मंगल प्रसाद गोटिया के रूप में हुई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
अधारताल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिल्क स्कीम आधारताल निवासी मंगल प्रसाद गोटिया रोज़ की तरह सुबह करीब 5:30 बजे भ्रमण (मॉर्निंग वॉक) के लिए घर से निकले थे। निर्धारित समय तक घर वापस न लौटने पर परिजन चिंतित होने लगे। इसी दौरान पुलिस के माध्यम से उन्हें नाले में शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही आधारताल थाना पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच और परिस्थितियों को देखते हुए मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगल प्रसाद गोटिया मिलनसार स्वभाव के थे और नियमित दिनचर्या का पालन करते थे। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।