जबलपुर। श्री वृहत् महाकाली महोत्सव समिति कालीधाम गढ़ाफाटक के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह समिति एक रजिस्टर्ड संस्था है। हाल ही में समिति के संज्ञान में आया है, कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा इससे मिलते-जुलते नाम मसलन श्री वृहत महाकाली युवा मंडल या श्री वृहत महाकाली महिला मण्डल जैसे नामों का उपयोग कर संस्था बना ली गई हैं। ऐसी संस्थाओं का मुख्य संस्था से कोई संबंध नहीं है और न ही इसके लिए किसी को अधिकृत किया गया है, लिहाजा आम श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि मिलते जुलते नामों से किसी भी प्रकार का कोई चंदा एवं दान की राशि न दी जाए। श्री वृहत महाकाली महोत्सव समिति नाम का दुरुपयोग के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने का कदम उठायेगी। समिति ने स्पष्ट किया है कि कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति कोई भी बैनर पोस्टर में मिलते जुलते नामों का उपयोग करने पर वैधानिक कार्रवाई के लिए उत्तरदायी होगा।