पीटीएस रीवा से नवरात्रि ड्यूटी हेतु 6वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जबलपुर में रिज़र्व किए गए 105 प्रशिक्षु एवं स्टाफ को हार्टफुलनेस प्रशिक्षक सुरेंद्र विश्वकर्मा एवं निरीक्षक श्री विक्रम सिंह द्वारा हार्टफुलनेस मेडिटेशन के दो सत्र आयोजित कराए गए। इन सत्रों के माध्यम से जवानों को तनावमुक्त रहते हुए, एकाग्रता एवं सजगता के साथ सटीक निर्णय लेने तथा टीम भावना के साथ कर्तव्य निर्वहन करने हेतु प्रशिक्षित किया गया। उक्त प्रशिक्षण का प्रभाव उस समय स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जब पांडुरना में मुख्यमंत्री की सभा से लौटते समय एक भीषण बस दुर्घटना घटित हुई। इस आपात स्थिति में जवानों ने अदम्य साहस, तत्परता एवं एकजुटता का परिचय देते हुए बस को लगभग 3 फीट तक उठाकर कई लोगों की जान बचाई। यह सराहनीय कार्य निरीक्षक श्री नरेश यादव, प्रशिक्षक राहुल सिंह एवं श मिथिलेश तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। जवानों के इस उत्कृष्ट एवं जीवनरक्षक कार्य के लिए मध्यप्रदेश पुलिस के मुखिया, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना द्वारा सभी संबंधित जवानों को उनके साहस, कर्तव्यपरायणता एवं उत्कृष्ट सेवा के लिए पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। यह घटना इस तथ्य को रेखांकित करती है कि हार्टफुलनेस मेडिटेशन जैसे अभ्यास जवानों को न केवल मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि संकट की परिस्थितियों में भी सही निर्णय लेने एवं साहसिक कार्य करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।