जबलपुर। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की वित्तीय खुफिया इकाई द्वारा भारतीय मूल के कारोबारी सतीश सनपाल के बैंक खातों, वित्तीय निवेशों और डिजिटल वॉलेट्स पर 30 दिनों की अस्थायी रोक लगाए जाने के बाद देशभर के कारोबारी और निवेशक वर्ग में हलचल तेज हो गई है। जबलपुर में भी रियल एस्टेट, निवेश और वित्तीय क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि फिलहाल इस मामले का जबलपुर से कोई प्रत्यक्ष कानूनी या व्यावसायिक संबंध सामने नहीं आया है।
यूएई प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई के तहत सतीश सनपाल के साथ उनकी पत्नी ताबिंदा तथा उनकी प्रमुख कंपनियों एनस्कस होल्डिंग, एनक्स कैपिटल, एसएसबी बाजार जनरल ट्रेडिंग से जुड़े बैंक खातों, वित्तीय निवेशों, डिजिटल वॉलेट्स और लॉकर एक्सेस पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। यह कार्रवाई प्रारंभिक रूप से 30 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी।
30 दिन में वैध स्रोतों के दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश ……..
जानकारी के अनुसार संबंधित पक्षों को 30 दिनों के भीतर खातों में जमा धनराशि और निवेश के वैध स्रोतों से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संबंधित वित्तीय लेनदेन पूरी तरह कानूनी और पारदर्शी हैं।
यदि निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो यूएई प्रशासन आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल यह एक अस्थायी प्रशासनिक प्रतिबंध है और जांच प्रक्रिया जारी है।
मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा ….
यूएई की यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध धन के प्रवाह पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। जांच एजेंसियां संबंधित खातों, निवेशों और व्यावसायिक गतिविधियों की वित्तीय जांच कर रही हैं ताकि धन के स्रोतों का सत्यापन किया जा सके।
दिल्ली हाईकोर्ट से पहले मिल चुकी है राहत
भारत में भी सतीश सनपाल का नाम पूर्व में विभिन्न वित्तीय अनियमितताओं और कथित सट्टा नेटवर्क से जुड़े मामलों में चर्चा में रहा है। इसी वर्ष मई 2026 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए निर्देश दिया था कि बिना पुष्टि के उनके खिलाफ कोई भ्रामक अथवा अपमानजनक सामग्री सार्वजनिक या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित न की जाए।
दुबई में हुई ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय वित्तीय जगत में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अभी तक किसी भी जांच एजेंसी द्वारा सतीश सनपाल के खिलाफ अंतिम निष्कर्ष या दोष सिद्ध होने की घोषणा नहीं की गई है और जांच प्रक्रिया जारी है।