भोपाल :- पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के राष्ट्रीय सह-संयोजक आदरणीय राकेश जी जैन ने भोपाल बाल कल्याण सहकारी समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन प्रणाली एवं मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) का अवलोकन कर वहां हो रहे कार्यों की सराहना की।
विशेष रूप से, श्री जैन ने कचरा बिनने वाले समुदाय के साथ बैठकर नाश्ता किया और आत्मीय संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस पहल ने कार्यक्रम को एक मानवीय और संवेदनशील आयाम प्रदान किया, जिससे समुदाय के लोगों ने अपने अनुभव और चुनौतियां खुलकर साझा कीं।
इस अवसर पर सार्थक संस्था के संस्थापक इम्तियाज अली, जन अभियान परिषद के श्री अमिताभ श्रीवास्तव उपस्थित रहे। वहीं श्री सोमकांत उमालकर जी ने विशेष रूप से महिला कार्यकर्ताओं से चर्चा कर कचरा प्रबंधन की बारीकियों को समझा और उनके अनुभवों को जाना।
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि पूरे देश में कचरा बिनने वाले समुदाय को सम्मानजनक रोजगार दिलाने तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसका उद्देश्य कचरा बिनने वाले साथियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे वैज्ञानिक तरीके से कचरे का प्रबंधन करते हुए पर्यावरण संरक्षण में प्रभावी योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान कचरा बिनने वाले समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्थायी आजीविका से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यों को मजबूत करने का प्रयास है, बल्कि समाज के इस महत्वपूर्ण वर्ग के सशक्तिकरण की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम है। इस अच्छे कार्य के लिए डा राजीव जैन और सभी एन जी ओ साथियों ने बधाई दी ।