आरएसएस का संवाद कार्यक्रम प्रारंभ, शताब्दी वर्ष पर 65 लाख परिवारों में पहुंचेंगे स्वयंसेवक


जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशव्यापी व्यापक गृह संपर्क अभियान गत 30 नवंबर से प्रारंभ हो चुका है| इस दौरान स्वयंसेवक घर घर पहुंचकर महाकौशल प्रांत के सभी गांव और बस्तियों में संवाद स्थापित करेंगे ।


प्राप्त जानकारी के अनुसार महाकौशल प्रांत के 10 विभागों और 34 जिलों में फैले 23 हजार 914 ग्रामों तथा नगरीय क्षेत्र की 894 बस्तियों में यह अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से 65 लाख से अधिक परिवारों से सीधे संपर्क स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।


गृह संपर्क की प्रत्येक टोली में 5 स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया है, ताकि अभियान का दायरा व्यापक और प्रभावी रहे। विशेष रूप से प्रत्येक टोली में 2 मातृशक्तियों को सम्मिलित किया गया है, जिससे परिवारों तक सहज और आत्मीय संवाद स्थापित किया जा सके।


संपर्क के दौरान स्वयंसेवक प्रत्येक घर में भारत माता का स्टीकर लगाएंगे तथा संघ की गतिविधियों और विचारों से अवगत कराने हेतु एक सूचनात्मक पत्रक भेंट करेंगे।

इसके साथ ही समाज परिवर्तन के व्यापक लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवन शैली और नागरिक कर्तव्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी नागरिकों से चर्चा होगी।


प्रांत प्रचार प्रमुख विनोद दिनेश्वर ने बताया कि इस अभियान का मूल उद्देश्य केवल संदेश पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज की बातों को सुनना, उनकी अनुभूतियों को समझना और आपसी संवाद को मजबूत करना है।

संघ का यह गृह संपर्क महाकौशल में एक बड़े सामाजिक सहभागिता अभियान का रूप ले रहा है, जो शताब्दी वर्ष को सार्थकता प्रदान करेगा।