40 साल बाद मिले मॉडलियन मित्र, “यादों की गुल्लक” ने ताज़ा कर दी बचपन की मिठास

जबलपुर। पंडित लज्जाशंकर झा मॉडल हाई स्कूल के वर्ष 1985 बैच के मॉडलियन साथियों का रियूनियन कार्यक्रम बेहद आत्मीय और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। लगभग 40 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी साथियों की बचपन की यादें ताज़ा हो उठीं और पूरा वातावरण भावनाओं व खुशियों से भर गया।
कार्यक्रम का संयोजन श्री हर्ष श्रीवास्तव, श्री शिवेंद्र परिहार एवं श्री अरुणेश सिंह ने किया । देश-विदेश से आए बचपन के मित्रों ने एक-दूसरे से मिलकर पुरानी स्मृतियों को साझा किया और बीते दिनों की यादों को फिर से जीवंत किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “यादों की गुल्लक” नामक एक अनोखा कॉर्नर रहा, जिसमें बचपन की छोटी-छोटी खुशियों को संजोकर प्रस्तुत किया गया था। इस कॉर्नर पर उस दौर की लोकप्रिय चीजें—संतरे की गोलियां, उबले बेर, पारले किस्मी टॉफी, जीराबटी, गटागट और फिंगर्स—रखी गई थीं, जिनका सभी साथियों ने सपरिवार आनंद लिया और बचपन के दिनों को फिर से महसूस किया।
रियूनियन के दौरान सपरिवार परिचय सत्र आयोजित किया गया तथा बरगी में क्रूज की सवारी का सभी ने भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम के समापन पर सभी मित्रों ने नंदकेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अगले दिन सभी साथी सपरिवार पंडित लज्जाशंकर झा मॉडल हाई स्कूल पहुंचे और अपने गुरुजनों श्री अरुण शुक्ला तथा श्री आर के जैन सर से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
श्री सुशांत दुबे ने अपनी मधुर वाणी में सरस्वती वंदना एवं शाला की प्रार्थना को गाते हुए सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया।
चार दशक बाद हुए इस मिलन समारोह ने मित्रता, अपनत्व और स्मृतियों की मधुर छाप सभी के मन में छोड़ दी।