जबलपुर,। जबलपुर रेल मंडल द्वारा एक महिला यात्री की गंभीर स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान कर मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिवस 139 रेल मदद के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 07092 के कोच बी-7, सीट संख्या 37 पर यात्रा कर रही श्रीमती ललिता देवी अचानक अचेत अवस्था में हो गई हैं। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई।
गाड़ी के जबलपुर स्टेशन पर पहुंचने पर रेलवे चिकित्सक डॉ. संदीप द्वारा यात्री की तत्काल स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान उनका एसपीओ स्तर लगभग 40 पाया गया, जो अत्यंत गंभीर स्थिति को दर्शाता है। चिकित्सक द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई।
रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए उप स्टेशन प्रबंधक बलवंत के माध्यम से एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और महिला यात्री को उनके पुत्र अमलेश के साथ उपचार हेतु ओमेगा हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका उपचार प्रारंभ किया गया। इसके पश्चात शुक्रवार को मरीज के पुत्र अमलेश द्वारा स्टेशन प्रबंधक कार्यालय से संपर्क कर अनुरोध किया गया कि वे अपनी माता को आगे के उपचार के लिए सिकंदराबाद ले जाना चाहते हैं, जिसके लिए यात्रा के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर की आवश्यकता होगी।
यात्री की आवश्यकता को देखते हुए स्टेशन प्रबंधक संजय जायसवाल एवं उप स्टेशन प्रबंधक बलवंत द्वारा तत्काल ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कराई गई। इसके साथ ही मरीज को स्टेशन से बैटरी कार के माध्यम से सुरक्षित रूप से गाड़ी संख्या 03225 के कोच एम-3, सीट संख्या 73 एवं 76 तक पहुंचाया गया।