रंगों की बौछारों के बीच थिरकी खाकी, पुलिस लाइन में उत्साह से मनाई गई होली

जबलपुर । होली में लगातार डियूटी के बाद कल पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जमकर होली की मस्ती की| रंगों की फुहार, गुलाल की खुशबू और बॉलीवुड गीतों की धुनों के बीच पुलिसकर्मी कुछ देर के लिए अपनी व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या को भूलकर उत्सव के रंग में रंगे नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। माहौल को और भी खुशनुमा बनाने के लिए वाटर कैनन से रंगों और पानी की बौछारें की गईं, जिसके बीच पुलिसकर्मी झूमते और नाचते नजर आए। पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार संपन्न कराने के लिए बधाई दी और कहा कि अब सभी जवान अपने-अपने क्षेत्रों में लौटकर नियमित रूप से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाएंगे।