जबलपुर – जिला प्रशासन एवं किसान कल्याण तथा कृषि विभाग की संयुक्त प्रयासों से लगातार तीसरे रविवार को आज कृषि उपज मंडी परिसर जबलपुर में जैविक हाट का आयोजन किया गया। जैविक उत्पादों के प्रति धीरे-धीरे जागरूक हो रही जबलपुर की जनता ने इस बार भी जैविक हाट में जमकर खरीदारी की।
उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने बताया कि इस बार के जैविक हाट में न सिर्फ जैविक उत्पादों का विक्रय करने वाले किसानों के साथ-साथ जैविक सामग्री क्रय करने लोगों ने भरपूर उत्साह दिखाया और सवेरे से ही खरीदारी के लिये हुजूम उमड़ पड़ा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार को आयोजित किये जा रहे जैविक हाट में किसान कल्याण तथा कृषि विभाग, आत्मा परियोजना एवं एनआरएलएम से जुड़े जैविक खेती करने वाले किसानों ने जैविक उत्पादों का विक्रय किया।
अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रतिभा गौर ने बताया कि इस रविवार के जैविक हाट में गोदावरी जैविक कृषि फार्म की जैविक हल्दी एवं जैविक नींबू चटनी, अर्चना गोविंद प्राकृतिक कृषि फार्म खजरी द्वारा रागी की इडली एवं जैविक बासमती चावल, श्री रघुवीर कृपा का जैविक गुड़ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।इसके साथ ही विभिन्न पत्तेदार जैविक सब्जियाँ जैसे मेथी, पालक, बथुआ, चने की भाजी, लौकी, सेम, कद्दू, मूली तथा फलों में अमरूद, पपीता, केला आदि की भरपूर बिक्री हुई।
इस प्रकार तेजी से लोकप्रिय हो रहे जैविक हाट ने लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ किसानों को भी जैविक खेती का रकबा बढ़ाने के लिये प्रेरित किया है। जैविक हाट के संचालन में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एल पी उइके, कृषि विस्तार अधिकारी गायत्री कोरी एवं शुभि रूसिया विकासखंड कुंडम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।