जबलपुर । शहपुरा थाना अतंर्गत कैथरा गांव के पास जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे (एनएच-45) पर ओवर ब्रिज से मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया| तेज रफ्तार से जा रहा हाईवा अनियंत्रित होकर ब्रिज की दीवार तोड़कर नीचे आ गिरा, इस हाईवा की चपेट में एक बाईक और एक कार आ गई| इस हादसे में हाईवा चालक व बाईक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार 4 लोग घायल हो गए| जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही हैं| घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया| घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, तमाशबीनों की भीड़ लग गई| घटना की सूचना मिलने पर शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची, हाईवा चालक का शव बुरी तरह फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला गया| बहुत देर तक नेशनल हाईवे पर जाम लगा रहा|
घटना के संबंध में शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि मंगलवार की सुबह 10 बजे के लगभग एक हाईवा ब्रिज से अनियंत्रित होकर नीचे सर्विस रोड पर आ गया| इस हादसे में हाईवा चालक अंकित मलिक और सर्विस रोड पर चल रहे बलराम अवस्थी की मौत हो गई, जबकि कार में सवार भोपाल से जबलपुर आ रहे शुक्ला परिवार भी इस हादसे का शिकार हो गया| शुक्ला परिवार के चार सदस्य भी गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा हैं। इस दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार 4 लोग अंदर फंस गए थे। वहीं हाईवा के एक बाइक चालक भी दबा रहा। राहत और बचाव दल ने मृतकों व घायलों को बाहर निकाला| इस दौरान नेशनल हाईवा पर लंबा जाम भी लग गया था| पुलिस ने मृतकों के शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया| पुलिस मर्ग कायम कर मामलें की जांच कर रही है।