बंगाली क्लब में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण, त्याग और साहस के प्रतीक नेताजी : नड्डा

जबलपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर गुरुवार को जबलपुर राष्ट्रीय विमर्श का केंद्र बन गया, जब शहर के ऐतिहासिक सिटी बंगाली क्लब में भव्य कार्यक्रम के दौरान नेताजी की 8 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस गरिमामय अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। समारोह में अमृत कलश की स्थापना के साथ नेताजी के विचारों और उनके संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बसंत पंचमी और नेताजी जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जबलपुर की धरती और सिटी बंगाली क्लब से उनका आत्मीय रिश्ता महसूस होता है। नड्डा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने आईसीएस अधिकारी के रूप में मिलने वाले सुख-सुविधाओं से भरे जीवन को त्याग कर देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष का कठिन मार्ग चुना। उनका मानना है कि यदि नेताजी का जीवन और लंबा होता, तो आज भारत का स्वरूप और अधिक सशक्त होता। इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद और श्यामाप्रसाद मुखर्जी के योगदान को भी स्मरण किया।

बंगाल पर जताई चिंता……

बंगाली समाज को संबोधित करते हुए नड्डा ने पश्चिम बंगाल की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिस बंगाल ने कभी देश को दिशा दिखाई, आज वह चुनौतियों से जूझ रहा है। नड्डा ने आरोप लगाया कि आज बंगाली समाज खुद को बंगाल की तुलना में मध्य प्रदेश में अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने जबलपुर से संदेश देते हुए आह्वान किया कि बंगाल को कुशासन से मुक्त कर मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने शांति निकेतन और दुर्गा पूजा को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, ने भी अपने विचार व्यक्त किए|

अमृत कलश पीढियों को देगा प्रेरणा : मुख्यमंत्री …….

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में जबलपुर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नेताजी स्वयं सिटी बंगाली क्लब आए थे, जिससे इस संस्था की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनी। मुख्यमंत्री ने बताया कि क्लब के 100 वर्षों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को अमृत कलश के रूप में धरती में स्थापित किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने नेताजी की भव्य प्रतिमा के अनावरण को जबलपुर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया और आजादी की लड़ाई में बंगाल के नायकों की भूमिका को स्मरण किया।


मुख्यमंत्री ने सिटी बंगाली क्लब की शैक्षणिक परंपरा की प्रशंसा करते हुए कहा कि 95 वर्ष पूर्व बालिका शिक्षा के लिए स्कूल की स्थापना की गई थी और यदि भविष्य में क्लब विश्वविद्यालय खोलने की दिशा में पहल करता है, तो राज्य सरकार उसके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। अपने वक्तव्य में उन्होंने कश्मीर मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद हुई ऐतिहासिक भूल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 हटाकर सुधारा है। उन्होंने श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।

समापन समारोह के आरंभ में बंग समाज ने अतिथियों का पारंपरिक ढंग से शंख बजा कर स्वागत किया। तत्पश्चात सर्वप्रथम केंद्रीय मंत्री नड्डा ने बंगाली क्लब परिसर में स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया । मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सहित अन्य अतिथियों ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि अर्पित की। इसके बाद शताब्दी स्तंभ का लोकार्पण किया गया। इसी के साथ संस्था के संस्थापकों और पूर्वजों की फोटो गैलरी का शुभारंभ भी अतथियों द्वारा किया गया।

शताब्दी स्मारिका का विमोचन…………..

इस अवसर पर पूर्व सांसद जयश्री बैनर्जी का शताब्दी सम्मान और शताब्दी स्मारिका का विमोचन भी किया गया। बसंत पंचमी और ‘पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जा रही नेताजी की जयंती के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में नेताजी सुभाषचंद्र बोस के 1939 में जबलपुर प्रवास के दौरान के संरक्षित पत्र रखे गए हैं।
इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, कोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन, नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक अभिलाष पांडे, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, क्लब के अध्यक्ष सुब्रत पाल, सचिव प्रकाश शाह, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे|