जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का तीसरा दिन रोमांच और श्रेष्ठ प्रदर्शन का साक्षी रहा। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।
महिला बैडमिंटन एकल फाइनल मुकाबले में सुरभि सचान ने अपने सधे हुए और क्लासिक खेल का प्रदर्शन करते हुए पावर गेम में दक्ष माया पटेल को 15–4, 15–7 से पराजित कर महिला वर्ग का चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
पुरुष टेबल टेनिस एकल का फाइनल मुकाबला प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण रहा। इस मुकाबले में तबरेज चौधरी ने शानदार पावर-प्ले का प्रदर्शन करते हुए सुनील यादव को सीधे दो सेटों में हराकर पुरुष एकल का खिताब अपने नाम किया।
कैरम प्रतियोगिता मे प्रणय- विकास जीते……
पुरुष युगल कैरम प्रतियोगिता में प्रणय जोशी और विकास श्रीवास्तव की जोड़ी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नरेंद्र पटेल एवं लोकेश श्रीवास्तव की जोड़ी को पराजित कर खिताब जीता।
महिला युगल वर्ग में निक्की कोष्टा एवं इंद्र शिवा सिंह की जोड़ी ने विविधा डेहरिया और नीलम कुमरे को हराकर विजेता बनने का सम्मान प्राप्त किया।
सीनियर बैडमिंटन में अग्रवाल बंधु विजेता…..
50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की सीनियर बैडमिंटन डबल्स स्पर्धा में राजीव अग्रवाल एवं विवेक अग्रवाल की जोड़ी ने व्ही.के. परवार और ए.पी.एस. चौहान की जोड़ी को सीधे सेटों में पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
कबड्डी में ई.एच.टी. जॉइंट्स की जीत……..
कबड्डी स्पर्धा के एक संघर्षपूर्ण एवं रोमांचक मुकाबले में ई.एच.टी. जॉइंट्स टीम ने टेस्टिंग टाइटंस को 43–31 के स्कोर से पराजित किया।
प्रतियोगिता के संयोजक श्री इकबाल खान ने बताया प्रतियोगिता के अंतिम दिन कल शेष फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। टेबल टेनिस युगल फाइनल में हर्ष श्रीवास्तव एवं व्ही.के. परवार की जोड़ी का सामना इकबाल खान एवं तबरेज चौधरी की जोड़ी से होगा।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह कल शाम 4:00 बजे प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी की उपस्थिति मे आयोजित है।