एसआईआर : 3 लाख 33 हजार 934 आपत्तियों का समाधान, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 26 फरवरी को


जबलपुर । जबलपुर जिले के सभी आठों विधानसभा क्षेत्र में लगभग दो माह तक चले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य पूरा हो गया है। दावों और आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया भी 14 फरवरी से पहले ही समाप्त कर ली गई और अब 26 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। एसआईआर के तहत करीब 4 लाख 37 हजार ऐसे मतदाताओं जिनके फार्म की मैपिंग नहीं हो सकी थी या जिनके नाम, आयु, लिंग, उपनाम या पते में त्रुटियां थीं, उन्हें नोटिस जारी किए गए और इनमें से लगभग एक लाख मामलों में बीएलओ ने अपने स्तर पर सुधार कर दिया, जबकि शेष 3 लाख 37 हजार से अधिक मतदाताओं को नोटिस देकर सुनवाई की गई। जिला प्रशासन ने संबंधित मतदाताओं को नाम जोड़ने के लिए तीन अवसर दिए, लेकिन कई लोग आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे मामलों में अब नाम काटने की कार्रवाई होगी और वे अंतिम सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। विशेष पुनरीक्षण के बाद अब सामान्य संशोधन प्रक्रिया ही लागू रहेगी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक एसआईआर के दौरान कुल 3 लाख 37 हजार 632 नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 3 लाख 33 हजार 934 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इनमें से जबलपुर कैंट में सर्वाधिक 51 हजार 167 नोटिस जारी हुए, जिनमें 50 हजार 871 का निपटारा हुआ जबकि जबलपुर पूर्व में 45 हजार 425 नोटिस में से 44 हजार 130 मामलों का समाधान किया गया। वहीं पनागर में 46 हजार 470 में से 45 हजार 794 प्रकरण निपटाए गए तो पाटन में 39 हजार 926 में से 39 हजार 447 मामलों का निराकरण हुआ। बरगी में 37 हजार 627 में से 37 हजार 468 प्रकरण ,जबलपुर उत्तर मध्य में 43 हजार 786 में से 43 हजार 210 , पश्चिम में 42 हजार 463 में से 42 हजार 297 मामलों का और सिहोरा में 30 हजार 768 नोटिस में से 30 हजार 717 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
गौरतलब है कि 11 दिसंबर 2025 तक बीएलओ द्वारा एन्युमरेशन फार्म भरवाए गए। 16 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई। 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति आवेदन लिए गए। 7 फरवरी तक दस्तावेजों का सत्यापन हुआ और 14 फरवरी तक सुनवाई प्रक्रिया पूरी कर ली गई। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, जो आवेदक 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।