जबलपुर। नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण आयुक्त द्वारा जारी एक आदेश में होटल कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बना दी है दरअसल ईरान, इजराइल युद्ध की वजह से प्रदेश में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर और गैस की कालाबाजारी रोकने व स्टॉक रखने की मानसिकता पर रोक लगाने के लिए इस आदेश में कहा गया है कि कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी जाए और घरेलू उपभोक्ताओं को आपूर्ति प्राथमिकता से की जाए|
उस पर भी केंद्र सरकार ने रिफिल बुकिंग की सीमा 25 दिन कर दी है| नागरिक आपूर्ति विभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा द्वारा केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी पत्र का हवाला देते हुए सभी कलेक्टरों को एक पत्र लिखा गया है|
जबलपुर के होटल संचालकों और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि कमर्शियल गैस की आपूर्ति बंद रहती है तो रोजमर्रा के संचालन में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।
खाद्य विभाग द्वारा सभी कलेक्टरों को जारी आदेश में बताया गया है कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण एलपीजी के आयात में आई कमी को देखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इसी के तहत एलपीजी वितरण व्यवस्था में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। अब गैस सिलेंडर की रिफिल बुकिंग पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही स्वीकार की जाएगी। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगेगी तथा आम उपभोक्ताओं को नियमित गैस उपलब्ध हो सकेगी।
कमर्शियल गैस की आपूर्ति को लेकर निर्देश……..
आदेश के अनुसार फिलहाल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़कर होटल, रेस्टोरेंट, मॉल, औद्योगिक इकाइयों और अन्य बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल एलपीजी (बल्क और पैक्ड) की सप्लाई नहीं दी जाएगी।
सरकार ने जिलों के प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे बड़े व्यावसायिक उपभोक्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें उपलब्ध स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा वैकल्पिक ईंधन स्रोतों का उपयोग करने की सलाह दें।
राज्य शासन ने जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि जिला स्तर पर खाद्य विभाग, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और एलपीजी वितरकों के साथ नियमित बैठक कर घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की समीक्षा की जाए।