जबलपुर की मेंटनेंस टीम ने किया लाइव लाईन मेंटनेंस, बिना शटडाउन लिए मेंटेनेंस से निर्बाध रही विद्युत आपूर्ति


जबलपुर, । विंध्‍य क्षेत्र में उत्पादित सौर ऊर्जा की निर्बाध निकासी सुनिश्चित करने तथा संभागीय मुख्यालय रीवा सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की जबलपुर ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस टीम ने 220 केवी सबस्टेशन रीवा में चालू 2 लाख 20 हजार वोल्ट प्रणाली पर बेयर हैंड तकनीक से सफलतापूर्वक लाइव लाइन मेंटेनेंस कर एक उत्कृष्ट तकनीकी कार्य संपन्न किया। यह कार्य 220 केवी मेन बस पर 220 केवी सिरमौर बे के बस आइसोलेटर में उत्पन्न हॉट प्वाइंट को दूर करने हेतु हॉट लाइन मेंटेनेंस पद्धति से किया गया। इस चुनौतीपूर्ण कार्य को ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस की जबलपुर टीम ने रीवा पहुंचकर उच्च दक्षता, समन्वय और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए बेयर हैंड तकनीक से सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

विद्युत व्यवधान टालने लिया गया निर्णय……….

एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता एम.पी. पटेल ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में इस प्रकार के मेंटेनेंस कार्य हेतु सबस्टेशन का शटडाउन लेना आवश्यक होता है। किन्तु शटडाउन लेने से रम्‍स की सोलर जनरेशन की निकासी बाधित होती और रीवा शहर, रामपुर बघेलान, व्यौहारी, रामपुर नैकिन, रेलवे ट्रैक्शन तथा जेपी सीमेंट सहित अनेक उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति घंटों प्रभावित रहती। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन द्वारा लाइव लाइन मेंटेनेंस कराने का निर्णय लिया गया। विशेष प्रशिक्षित टीम के न होने से जबलपुर की टीम रीवा बुलाई गई. जिसने इस महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम देकर सौर ऊर्जा की निकासी और क्षेत्रीय विद्युत आपूर्ति दोनों पूर्णतः निर्बाध बनाये रखा।

इनका रहा विशेष योगदान………..


इस महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जबलपुर के कार्यपालन अभियंता ए.पी.एस. चौहान तथा कनिष्ठ अभियंता राजू चौहान के मार्गदर्शन में जबलपुर की ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस टीम के दक्ष सदस्य ज्ञानेश्वर, कमलेश मरावी, होलकर सिंह एवं जगदीश ठाकुर का विशेष योगदान रहा।