जबलपुर। बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे मेधावी विद्यार्थियों के खातों में पहुंची लैपटॉप के25-25 हजार रुपये,अधिक अंक हासिल कर मेधा का परचम लहराने वाले विद्यार्थियों के सपनों को तकनीक की उड़ान मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज लैपटॉप वितरण योजना के तहत प्रदेशभर के 1 लाख 21 हजार 804 मेधावी विद्यार्थियों के बैंक खातों में 25-25 हजार रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस पर करीब 304 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।योजना का लाभ जबलपुर जिले के 3,319 मेधावी विद्यार्थियों को मिला है। विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पहुंची यह राशि लैपटॉप खरीदने के लिए उपयोग की जा सकेगी। इससे मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आधुनिक तकनीक उपलब्ध होने के साथ डिजिटल शिक्षा के नए अवसर भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने दो विद्यार्थियों को स्वयं सौंपे लैपटॉप
भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में जबलपुर के दो मेधावी विद्यार्थियों ओम चौकसे और शिवांगी नागदेव को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रत्यक्ष रूप से लैपटॉप प्रदान किए। वहीं जबलपुर के पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में छात्र ओम चौकसे की बहन को अतिथियों ने सांकेतिक रूप से लैपटॉप सौंपा।
मॉडल स्कूल में दिखाया गया सीधा प्रसारण
भोपाल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों को दिखाया गया। कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडे, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी तथा जिला शिक्षा अधिकारी गौतम वर्बे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
पढ़ाई में तकनीक बनेगी साथी
लैपटॉप के लिए दी गई 25 हजार रुपये की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए पहुंचाई गई है। विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक जरूरत के अनुसार इस राशि से लैपटॉप खरीद सकेंगे।