जबलपुर जबलपुर रेल मंडल के बागरातवा रेलवे स्टेशन में मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में
आज मंडल के राजभाषा अधिकारी- श्री संदीप शर्मा, स्टेशन प्रबंधक-नीलेश राय, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ)- महेंद्र गढ़वाल, सहित विभिन्न रेल कार्यालयों से पधारे कर्मचारियों व स्थानीय साहित्यकारों व बड़ी संख्या में श्रोताओं की उपस्थिति में एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें 10 कवियों ने अपनी-अपनी प्रतिनिधि कविताओं, ग़ज़लों व हास्य व्यंग्य रचनाओं का वाचन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजभाष अधिकारी- श्री संदीप शर्मा व विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री बीकेश सिंह राजपूत, (प्राचार्य), बागरातवा विद्यालय तथा सम्माननीय अतिथि महेंद्र गढ़वाल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता, स्टेशन प्रबंधक-श्री नीलेश राय द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन- श्री ब्रजेश त्रिवेदी व राजभाषा विभाग के किशोर कुमार साहू द्वारा किया गया।
कवि गोष्ठी में रचना पाठ हेतु नगर के 10 प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि रचनाकार उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अमित गोलछा, ब्रजेश त्रिवेदी, मनोज साहू ‘निडर’, अमज़द खान, बीकेश सिंह राजपूत, अशोक यादव, गौरव बरखने, सहित राजभाषा अधिकारी संदीप शर्मा व वरिष्ठ अनुवादक किशोर कुमार साहू ने अपनी प्रतिनिधि कविताओं व रचनाओं का वाचन किया। श्रोताओं के रूप में रेल कर्मचारी गण, स्थानीय शिक्षक गण व अन्य उदीयमान कवि व लेखक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी श्री संदीप शर्मा एवं प्राचार्य श्री राजपूत द्वारा सभी आमंत्रित कवियों का शॉल, सम्मान पत्र एवं पुष्पहार से सम्मान किया गया।
अपने स्वागत उद्बोधन में राजभाषा अधिकारी ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए माखनलाल चतुर्वेदी जी के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला तथा उनकी रचनाओं का पाठ भी किया। इस दौरान उपस्थित कवियों द्वारा क्रमवार अपनी रचनाओं का प्रभावशाली पाठ किया गया, जिससे पूरा सभागार करतल ध्वनियों से लगातार गूंजता रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जो राजभाषा अधिकारी द्वारा प्रस्तुत किया गया।