ग्वालियर। शहर की सड़कों पर एक ऐसी कार निकली, जिसने न अपनी स्पीड से लोगों का ध्यान खींचा और न ही महंगी कीमत से। कार की पहचान बन गई उसकी पूरी बॉडी पर बने हजारों लाल लिपस्टिक किस के निशान। सड़क से गुजरती इस कार को देखकर राहगीर कुछ पल के लिए ठिठक जाते। दावा है कि कार पर करीब 3400 किस लगाए गए थे। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इसकी चर्चा ट्रैफिक पुलिस तक भी पहुंच गई और आखिरकार यह अनोखा प्रयोग कार मालिक को 5500 रुपये का पड़ गया।मामला थाटीपुर इलाके का बताया जा रहा है। कार मालिक के तौर पर आदित्य सिकरवार का नाम सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, उनकी गर्लफ्रेंड ने सोशल मीडिया पर चल रहे विदेशी ट्रेंड से प्रभावित होकर कार को कुछ अलग अंदाज देने का आइडिया दिया। इसके बाद कार की बाहरी बॉडी पर लिपस्टिक से एक के बाद एक हजारों किस के निशान बना दिए गए।बताया जा रहा है कि कार को इस अंदाज में तैयार करने में करीब साढ़े तीन से चार घंटे का समय लगा।
सड़क पर उतरी तो बन गई चलती-फिरती सुर्खी
जैसे ही यह कार सड़क पर आई, लोगों की निगाहें उस पर टिक गईं। पूरी बॉडी पर बने लाल होंठों के निशान दूर से ही अलग नजर आ रहे थे। किसी ने इसे प्यार का अनोखा इजहार बताया तो किसी ने सार्वजनिक सड़क पर वाहन को इस तरह सजाने को लेकर सवाल उठाए।इसी बीच कार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वायरल पोस्ट में कार का नंबर भी साफ दिखाई दे रहा था। मामला ट्रैफिक पुलिस के संज्ञान में आया तो पुलिस ने नंबर के आधार पर वाहन की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
वायरल तस्वीर से पुलिस तक पहुंची कार
ट्रैफिक पुलिस ने कार की तलाश शुरू की और थाटीपुर क्षेत्र में उसे पकड़ लिया। वाहन मालिक को बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, कार की बाहरी बॉडी पर इस तरह के निशान होने को यातायात नियमों के उल्लंघन के तौर पर लिया गया और कार्रवाई करते हुए चालान काटा गया।
प्यार के 3400 किस, जेब से निकले 5500
जिस कार को हजारों किस देकर खास बनाने की कोशिश की गई थी, वही किस आखिरकार महंगे साबित हुए। ट्रैफिक पुलिस ने कार मालिक का 5500 रुपये का चालान कर दिया।कार्रवाई के बाद मालिक ने अपनी गलती स्वीकार की और कार की बॉडी से लिपस्टिक के निशान हटाने शुरू कर दिए। बताया गया कि उसने खुद कार पर लगे निशान साफ किए और बाद में पानी से पूरी कार धुलवाई, ताकि सड़क पर चलते समय लाल किस दिखाई न दें।यानी जिस अंदाज ने कार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, उसी अंदाज ने मालिक का चालान भी करा दिया। प्यार का यह प्रयोग कुछ घंटों में तैयार हुआ था, लेकिन पुलिस कार्रवाई के बाद उसे मिटाने में भी कार मालिक को अच्छी-खासी मशक्कत करनी पड़ी।