पहले सरकार एक व्यक्ति, की होती थी, आज जनता की सरकार* श्री नड्डा
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के जबलपुर पहुंचने पर जगह-जगह उनका भव्य स्वागत हुआ। श्री जगत प्रकाश नड्डा ने जबलपुर संभागीय कार्यालय में जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता भाजपा और कांग्रेस के बीच के फर्क जनता को समझाएं। देश के लिए कांग्रेस अमावस्या है और भारतीय जनता पार्टी पूर्णमासी है। 2014 भारतीय राजनीति का टर्निंग पाइंट है, जनता को बताएं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने रिस्पांसिबल, रिस्पांसिव और रिपोर्ट कॉर्ड वाली सरकारों का दौर शुरू किया। डेड कांग्रेस के डेड लीडर ही हमारी अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनामी बता रहे हैं, जबकि हम दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। विरोधी भी मानते हैं कि राष्ट्रीयता और संगठन के मामले में भाजपा से कोई मुकाबला नहीं कर सकता है। भारतीय जनता पार्टी देश का इकलौता वैचारिक दल है। हमने सत्ता के लिए कभी समझौते नहीं किए, अपने रास्ते नहीं बदले। बैठक को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने भी संबोधित किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बदल दी राजनीति की संस्कृति
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने कहा कि लोगों की स्मृति छोटी होती है इसलिए अपनी बात बार-बार कहने की जरूरत है। 2014 के पहले सरकारें आती थीं और जाती थीं। चुनावी घोषणा पत्र का कोई महत्व नहीं होता था। लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जिम्मेदार और रिपोर्ट कॉर्ड वाली सरकारों का दौर शुरू किया। उन्होंने राजनीति की संस्कृति बदल दी। पहले सरकारें किसी एक समुदाय की, जाति की, वर्ग की या इलाके की हुआ करती थी। लेकिन 2014 के बाद सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का दौर शुरू हुआ। अब जो सरकार है, वो किसी एक वर्ग या जाति की नहीं, बल्कि सभी की सरकार है। श्री नड्डा ने कहा कि हमारे विरोधी भी यह मानते हैं कि राष्ट्रीयता और संगठन के मामले में भाजपा का कोई मुकाबला नहीं। इसलिए सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। संगठन के कार्यों से सरकारों को यश मिलता है।
देश का इकलौता वैचारिक दल भाजपा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने कहा कि देश में वैचारिक राजनीति पर आधारित दल समाप्त हो गए हैं, सिर्फ भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जो वैचारिक है। हमारे लिए गर्व का विषय है कि हम ऐसी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। हम जो बात 1951-52 में कहते थे, वही बात आज भी कह रहे हैं। हमने सत्ता के लिए समझौते नहीं किए, रास्ता नहीं बदला। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति के लिए 1953 में अपना बलिदान दिया। उसके बाद हमने इसी को लेकर अनेकों यात्राएं निकाली, कई बार आंदोलन किए, कई राष्ट्रीय अध्यक्ष बदल गए। अंततः 5 अगस्त, 2019 को मोदी जी की सरकार ने धारा 370 हटा दी। 1989 में हमने पालनपुर में राम मंदिर के निर्माण का रास्ता प्रशस्त करने का प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद कई आंदोलन हुए, लंबी लड़ाई चली। हमारे विरोधी हम पर कटाक्ष करने लगे थे। आखिरकार 2024 में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो गया। हमने जब ट्रिपल तलाक हटाने की बात कही, तो विरोधियों ने हमें प्रतिक्रियावादी और सांप्रदायिक कहा। लेकिन आप लोगों की ताकत और प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की इच्छाशक्ति से इस बुराई को हटा दिया गया। आश्चर्य की बात है कि पाकिस्तान, बांग्लादेश, सीरिया, ईरान जैसे मुस्लिम देशों में भी जिसका प्रावधान नहीं था, उसे भारत में तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों ने जिंदा रखा। हमने वक्फ बोर्ड एक्ट भी पारित किया। जब-जब हमें अवसर मिला, हमने वो करके दिखाया, जो हम कहते हैं।
अमावस्या की याद बार-बार दिलाएं, ताकि
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने कहा कि हमें जनता को कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी का फर्क बार-बार बताना होगा। आपातकाल के दौरान प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने यह कानून पारित कराया था कि प्रधानमंत्री और लोकसभा स्पीकर पर कोई कानून लागू नहीं होगा। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने यह प्रस्ताव रखा है कि प्रधानमंत्री समेत कोई भी मंत्री या मुख्यमंत्री अगर 30 दिन तक जेल में रहता है, तो 31 वें दिन उसे अपना पद छोड़ना होगा। कांग्रेस के शासनकाल में आतंकवाद चरम पर था, लेकिन अब मोदी जी के कार्यकाल में आतंकवाद समाप्ति की ओर है। भाजपा देश को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है, तो कांग्रेस हमेशा उन लोगों के साथ खड़ी होती है, जो देश को कमजोर करना चाहते हैं, अशांति फैलाना चाहते हैं। श्री नड्डा ने कहा कि मैंने संसद में भाजपा और कांग्रेस का फर्क बताते हुए कहा था कि कांग्रेस अमावस्या है और भाजपा पूर्णमासी। लेकिन लोग पूर्णमासी को महसूस कर सकें, इसके लिए हमें उन्हें बार-बार अमावस्या की याद दिलानी होगी।
भाजपा सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित दल
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित दल है। हमारे 14 करोड़ कार्यकर्ता हैं और 2 करोड़ सक्रिय सदस्य हैं। हम 8.25 लाख बूथों पर काम करते हैं। हमारे 240 लोकसभा और 102 राज्यसभा सदस्य हैं। गुजरात में छठी बार और मध्यप्रदेश में चौथी बार हमारी सरकारें बनी हैं। गोवा और हरियाणा में तीसरी बार हमारी सरकार बनी है। उत्तरप्रदेश में 35 साल बाद हमारी सरकार रिपीट हुई है। उत्तराखंड, मणिपुर, असम और त्रिपुरा में भी हमारी सरकारें रिपीट हुई हैं। लंबे समय बाद दिल्ली में हमारी सरकार बनी है।
तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा देश,
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने कहा कि आप सभी ने राहुल बाबा को वक्तव्य सुना होगा, जिसमें उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनॉमी बताया था। नेता विपक्ष का पद कितना जिम्मेदारी वाला होता है, लेकिन राहुल बाबा का ये वक्तव्य नितांत गैर जिम्मेदाराना था। राहुल गांधी किस की भाषा बोल रहे हैं? उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है और तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। वर्ल्ड बैंक ने ये भी ये माना है कि वैश्विक स्लोडाउन के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था स्ट्रांग है। हम थर्ड मोस्ट पॉवरफुल नेशन हैं। देश में खुदरा महंगाई दर ऑल टाइम लो पर है। आज देश के 98 प्रतिशत मोबाइल मेड इन इंडिया होते हैं। खिलौनों और ऑटोमोबाइल के निर्यात में हम तीसरे नंबर पर हैं। हमारा रक्षा उत्पादन और निर्यात लगातार बढ़ रहा है। सारी दुनिया हमारी ब्रह्मोस की तारीफ करती है। क्या ये बढ़ता भारत नहीं है?
मध्यप्रदेश में क्रांतिकारी विकास
मध्यप्रदेश में 80 स्टेशन अमृत भारत स्टेशन बन रहे हैं। 10 साल पहले जबलपुर का एयरपोर्ट छपरे की तरह था और सिर्फ 1 विमान आता था। आज यहां 450 करोड़ का नया टर्मिनल बन गया है। ग्वालियर एयरपोर्ट बन गया है। रीवा में एशिया का सबसे बड़ा 750 मेगावाट का सोलर प्लांट लगा है। इंदौर में मेट्रो रेल शुरू हो गई है और उज्जैन का महाकाल महालोक प्रोजेक्ट 856 करोड़ का है। मध्यप्रदेश में 2014 के पहले प्रति व्यक्ति आय 12000 थी, जो आज 1.52 लाख रुपये है। लाडली बहना योजना में हर माह 1250 रुपये की राशि दी जा रही है। हजारों आदिवासी छात्रों को स्कॉलरशिप दी जा रही है। सिकल सेल एनीमिया को लेकर लगातार काम चल रहा है। प्रदेश के 80 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मिलती है। क्या ये परिवर्तन नहीं है? श्री नड्डा ने कहा कि आज जैसा विपक्ष है, उतना गैर जिम्मेदाराना विपक्ष पहले कभी नहीं रहा। भाजपा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का विरोध करते-करते विपक्ष देश का विरोध करने लगा है। हमें इनका ये व्यवहार जनता को बताना होगा। उन्होंने मध्यप्रदेश संगठन की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल को बधाई एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा को भी शुभकामनाएं। श्री शर्मा के नेतृत्व में 2023 के विधानसभा एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक विजय हासिल हुई।
भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता और मजबूत – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समय से जिस भी दायित्व को संभाला, अपने कार्य और निष्ठा से उस पद को और गरिमापूर्ण और प्रशंसनीय बना दिया है। हम सबके लिए यह बड़े सौभाग्य का दिन है कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने बैठक को संबोधित कर रहे हैं। यह कार्य संस्कृति भाजपा के अलावा देश के किसी अन्य राजनीतिक दल में नहीं है। श्री नड्डा जी ने नेशनल मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की स्थापना कर स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तेजी से कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात भाजपा की जनजातियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की बारिश की है। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को जेकर जनसंघ की स्थापना हुई जो वर्तमान में भाजपा है, उसने अपने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का जो संकल्प लिया था, उसे पार्टी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के इसी कार्यकाल में पूरा किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरा जम्मू-कश्मीर देश के साथ मिलकर केंद्र सरकार के साथ खड़ा था, यह भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता की मजबूती को दिखाता है। पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से वर्ष 2023 के विधानसभा और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक विजय मिली है। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के जनहितैषी कार्यों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर पार्टी संगठन को और मजबूती प्रदान करें। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव व पंचायत के चुनाव अब सीधे होंगे। पार्टी है तो सरकार है और सरकार है तो प्रतिष्ठा है, इसलिए जनता के हित में कार्य करें। आने वाले समय में नगरीय निकाय, पंचायतों के चुनाव हैं, इसलिए इसके लिए प्रतिबद्व रहें।
कार्यकर्ता हर बूथ पर कमल खिलाने का लक्ष्य लेकर कार्य करें- श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी का स्वागत करते हुए कहा कि आपका जबलपुर और मध्यप्रदेश से दिल का नाता रहा है, लेकिन मेरे प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आप पहली बार संस्कारधानी आए हैं, हम सभी कार्यकर्ता आपका हृदय से स्वागत करते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के मार्गदर्शन में यह प्रदेश नई ऊंचाइयों पर जा रहा है। यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलने वाला प्रदेश है, यह स्व. अटलजी और स्व. ठाकरे जी की कर्मभूमि वाला प्रदेश है। मध्यप्रदेश का संगठन लगातार ऊंचाइयों पर रहा है और पहले से ही मजबूत है। लेकिन हमारा प्रयास होगा कि यहां हर दिल में भाजपा रहे, कोई बूथ, विधानसभा हम से न छूटे, कोई समाज हमारी पहुंच से दूर न रहे। प्रदेश के सभी कार्यकर्ता हर बूथ में कमल खिलाने के लिए जुटे रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है और दुनिया में मजबूती से खड़ा है। हर गरीब के आंसू पोंछने का काम प्रधानमंत्री जी कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में हम वह सारे काम कर पाए हैं जिसकी उम्मीद आज से 15 साल पहले का समाज नहीं करता था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और रोजगार के मामले में मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। प्रदेश के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और डॉ. मोहन यादव के कामों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे। नड्डा जी के नेतृत्व में पार्टी को जो मजबूती मिली है, उसे बरकरार रखते हुए हम प्रदेश के कोने-कोने में भारतीय जनता पार्टी को पहुंचाने का काम करेंगे। आपके मार्गदर्शन में हम हर व्यक्ति को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में पद सिर्फ एक दायित्व होता है। हर कार्यकर्ता का वही महत्व है, जो किसी बड़े नेता का होता है। हम सब एक परिवार की तरह इस दल को मजबूत करने का काम करेंगे और देश के अन्य हिस्सों में जिस तरह से कमल खिला है, उसे मध्यप्रदेश में भी पूरी मजबूती से खिलाने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता जुटेगा। भाजपा का हर कार्यकर्ता इस देश के लिए और पार्टी के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने को तैयार है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी को विश्वास दिलाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार की तरह है और हम सब मिलकर दल के आदर्शों पर चलने का प्रयास करेंगे।
प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन सेवा पखवाड़े के तौर पर मनाया जाएगा-श्री हितानंद जी
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की ‘मन की बात’ कार्यक्रम को मध्यप्रदेश में जन-जन को जोड़कर लगातार सफलता हासिल कर रहा है। 31 अगस्त को हर बूथ स्तर पर मन की बात कार्यक्रम को सुनकर और प्रभावी बनाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ’सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, एक ‘पेड़ मां के नाम’ के साथ प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘एक बगिया मां’ के नाम एवं ‘नमो वन और नमो पथ’ अभियान को आगे बढ़ाना है। युवा मोर्चा रक्दान शिविर और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करेगा। विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत पर प्रबुद्धजनों के साथ संवाद कर प्रधानमंत्री जी पर बनी डॉक्यूमेंट्री को प्रदर्षित किया जाएगा। प्रधानमंत्री जी विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। गणेष उत्सव हमारे लिए स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए अच्छा माध्यम है। मिट्टी के गणेश जी की स्थापना से लेकर गणेश जी के विसर्जन तक स्वदेशी वस्तुओं का ही इस्तेमाल किया जाए। पंडाल में स्वदेशी की झांकी और स्थानीय कलाकारों को महत्व देकर नुक्कड़ नाटक सहित अन्य आयोजन किए जाए। उसके बाद नवरात्र और दशहरा-दिवाली पर भी हम स्वदेशी को ही बढ़ावा दें। 25 सिंतबर को श्रद्धेय दीनदलाय उपाध्याय जी की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर खादी को बढ़ावा देकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वदेशी अपनाने के आव्हान को और मजबूती दें। लाल बहादुर शास्त्री जी की भी जयंती है उनकी प्रतिमा पर भी माल्यार्पण और श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद करना है।
बैठक के दौरान प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद पटेल एवं पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे मंचासीन रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार एवं आभार प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत ने माना।