विद्युत उत्पादन में जनरेटिंग कंपनी ने रचा नया कीर्तिमान


जबलपुर,। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का समापन अभूतपूर्व उपलब्धियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ करते हुए विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी के चारों ताप विद्युत गृहों अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई, सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी, संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर व श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया ने सामूहिक रूप से वित्तीय वर्ष 2025-26 में 26,582.7 मिलियन यूनिट ताप विद्युत उत्पादन कर प्रदेश को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की। इस दौरान चारों ताप विद्युत गृह ने 81.45 प्रतिशत प्लांट उपलब्धता फैक्टर (पीएएफ) बनाए रखते हुए परिचालन दक्षता के उच्चतम मानक स्थापित किए। विद्युत गृहों की सभी इकाइयों ने निर्धारित मानकों के अनुरूप हीट रेट, विशिष्ट तेल खपत व ऑक्जलरी पावर कंजम्पशन हासिल करते हुए उत्कृष्ट तकनीकी प्रदर्शन प्रदर्शित किया।
एमपीईआरसी के मानकों से बेहतर रहा प्रदर्शन-परिचालन मानकों के संदर्भ में इस वर्ष अमरकंटक ताप विद्युत गृह फेज-3, सतपुड़ा ताप विद्युत गृह फेज-4, श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह फेज-2 व फेज-1 ने मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग (एमपीईआरसी) द्वारा निर्धारित पीएएफ मानकों से अधिक प्रदर्शन किया। सतपुड़ा ताप विद्युत गृह यूनिट-10 ने 98.29 प्रतिशत, श्री सिंगाजी सुपर ताप विद्युत परियोजना यूनिट-1 ने 94.55 प्रतिशत, यूनिट-3 ने 88.77 प्रतिशत व संजय गांधी ताप विद्युत गृह यूनिट-3 ने 85.92 प्रतिशत पीएएफ हासिल करते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।