जबलपुर । मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा पाँच मुख्य अभियंताओं को कार्यपालक निदेशक के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार प्रदान किए गए हैं। इस संबंध में कम्पनी मुख्यालय शक्ति भवन से आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशानुसार मुख्य अभियंता (ईंधन प्रबंधन) हेमंत कुमार संकुले को कार्यपालक निदेशक (ईंधन प्रबंधन) का प्रभार सौंपा गया है। मुख्य अभियंता (मानव संसाधन एवं प्रशासन) दीपक कश्यप को मुख्यालय शक्ति भवन जबलपुर में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) के अधिकार एवं दायित्व सौंपे गए हैं। मुख्य अभियंता (संचालन एवं संधारण: उत्पादन) अभिषेक जैन को कार्यपालक निदेशक (संचालन एवं संधारण: उत्पादन) का दायित्व प्रदान किया गया है।
इसी क्रम में अमरकंटक ताप विद्युत गृह, चचाई में पदस्थ मुख्य अभियंता (उत्पादन) तनवीर अहमद को कार्यपालक निदेशक (उत्पादन) का दायित्व दिया गया है, जबकि संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर में पदस्थ मुख्य अभियंता (उत्पादन) एच.के. त्रिपाठी को भी कार्यपालक निदेशक (उत्पादन) का प्रभार सौंपा गया है।
कम्पनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने सभी वरिष्ठ अभियंताओं को नवीन दायित्वों के लिए बधाई दी।