जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के नवनियुक्त सहायक अभियंता अब विशेष रूप से सुपर क्रिटिकल सिम्युलेटर में प्रशिक्षण हासिल कर ज्यादा पारंगत हो रहे हैं। गत दिवस पावर जनरेटिंग कंपनी के द्वितीय बैच के 11 सहायक अभियंता प्लांट ने राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई) नागपुर में छह सप्ताह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। प्रशिक्षण के दौरान सहायक अभियंताओं ने थर्मल व हायडल पावर प्लांट के ऑपरेशन व मेंटेनेंस का गहन प्रशिक्षण लिया। इस दौरान इन सहायक अभियंताओं ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर कोराडी स्थित 600-600 मेगावाट की सुपर क्रिटिकल यूनिट में जाकर उसकी संपूर्ण प्रक्रिया को देखकर तकनीकी ज्ञान अर्जित किया।
केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण के प्रावधान के अनुसार प्रशिक्षण…..
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर एनपीटीआई के निदेशक एसपी धर्माधिकारी ने कहा कि पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह व डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम के मार्गदर्शन में केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के प्रावधान के अनुसार सहायक अभियंताओं के प्रशिक्षण का पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण में सभी प्रशिक्षु सहायक अभियंताओं को ताप व जल विद्युत गृहों के संचालन-संधारण की बारीकियों से परिचित करवाया गया। प्रशिक्षुओं को विद्युत उत्पादन की नई तकनीक की सैद्धांतिक व व्यावहारिक पहलुओं का भी प्रशिक्षण दिया गया।
समग्र प्रशिण से नवोदित अभियंताओं की नींव हुई मजबूत………
कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप ने कहा कि एनपीटीआई को आभार देते हुए कहा कि उनके समग्र प्रशिक्षण से नवोदित सहायक अभियंताओं की नींव मजबूत हुई है। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी की ओर से अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रशिक्षण डॉ. अशोक तिवारी ने समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षु सहायक अभियंताओं को थर्मल व हाइड्रो पावर प्लांट की बेस्ट प्रैक्टिस, दक्षता संवर्धन व कार्पोरेट एथिक्स की जानकारी दी और सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रामण पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के सहायक निदेशक शशांक शुक्ला ने किया।