जनगणना निदेशक ने ली समीक्षा बैठक, डिजीटल टूल्स की पोर्टल पर होगी मॉनिटरिंग


जबलपुर, । जबलपुर में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय मध्यप्रदेश के निदेशक कार्तिकेय गोयल द्वारा की गई। जिसमें उन्‍होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ जनगणना के प्रथम चरण की कार्यप्रणाली और मकान सूचीकरण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। श्री गोयल ने फील्ड स्तर पर कार्य की सटीकता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सुझाव प्रदान किए। बैठक के दौरान कलेक्टर राघवेन्‍द्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने उनका स्वागत किया और कार्य को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जनगणना 2027 की समय-सीमा के बारे में जानकारी देते हुए निदेशक श्री गोयल ने बताया कि आगामी 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा आम नागरिकों के लिए 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता डिजिटल टूल्स का व्यापक उपयोग है, जिसमें पूरे कार्य की मॉनिटरिंग सी.एम.एम.एस. पोर्टल के माध्यम से की जाएगी और मकान सूचीकरण ब्लाकों का निर्माण एच.एल.बी.सी. मॉड्यूल पर किया जाएगा। बैठक के समापन पर श्री गोयल ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस समीक्षा बैठक में संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन, संयुक्त संचालक प्‍लानिंग बलवंत सिंह राहंगडाले और भोपाल निदेशालय से नियुक्त प्रभारी अधिकारी मनोज नाथानी सहित जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण चार्ज अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।