जबलपुर। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन केंद्रीय महिला परिषद की नई शाखा का गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जैन संस्कारों, सेवा, संगठन और नारी शक्ति को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।परिषद की केंद्रीय संस्था के मार्गदर्शन एवं परम आदरणीय राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती विमला दीदी जी के आशीर्वाद से तथा केंद्रीय संस्था की प्रमुख श्रीमती शकुंतला जी जैन के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में केंद्रीय एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती साधना जैन बड़कुल, जबलपुर द्वारा मेलबर्न शाखा का गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न कराया गया।
इन पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
नवगठित मेलबर्न शाखा में श्रीमती स्वाति सराफ को अध्यक्ष, श्रीमती शिखा जैन को सचिव तथा श्रीमती स्वाति अमित जैन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके साथ ही श्रीमती नेहा जैन, श्रीमती शिवांगी जैन, श्रीमती प्रियंका जैन, श्रीमती सिमरन जैन, श्रीमती प्रतीक्षा जैन, श्रीमती ज्योति जैन, श्रीमती कृतिका जैन, श्रीमती सारिका जैन, श्रीमती ईशा जैन सहित अन्य सदस्यों ने भी परिषद के उद्देश्यों, संस्कारों और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।
समंदर पार पहुंची सेवा और संस्कारों की यात्रा
मेलबर्न में महिला परिषद की शाखा का गठन संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह केवल एक नई शाखा का गठन नहीं, बल्कि जैन संस्कारों, सेवा भावना, सामाजिक सरोकारों और महिला सशक्तिकरण को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर परिषद की ओर से नवगठित शाखा की सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही मंगलकामना की गई कि मेलबर्न शाखा एकता, संस्कार, सेवा और समर्पण की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़े तथा परिषद की वैश्विक यात्रा में नए आयाम स्थापित करे।श्रीमती साधना जैन बड़कुल, जबलपुर ने नवगठित शाखा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मेलबर्न की यह शाखा जैन समाज की सेवा और महिला शक्ति के संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।