जबलपुर। स्वयंभू भगवान श्री गुप्तेश्वर महादेव की शाही सवारी यात्रा संस्कारधानी मे महाकाल की तर्ज पर श्रावण मास की द्वितीय सोमवार को निकली गई, जिसमें भगवान स्वयं अपने भक्तों को सुख शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद देने नगर भ्रमण पर निकले।
गुप्तेश्वर महादेव रामेश्वरम के उपलिंग है जब भगवान श्री रामचंद्र जी को 15 वर्ष का बनवास हुआ था तब बनवास के दौरान उन्होंने यहां गुप्त गुफा भगवान गुप्तेश्वर शिवलिंग का निर्माण कर अपने हाथों से पूजन अर्चन किया था। गुप्तेश्वर महादेव की शाही सवारी यात्रा सुबह 10 बजे गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई।
प्रारंभ में मंदिर प्रांगण में गुप्तेश्वर पीठाधीश्वर स्वामी डॉ मुकुंद दास महाराज की अध्यक्षता में डॉ स्वामी नरसिंहदास महाराज के सानिध्य में एवं अन्य संतों की अगुवाई में पूजन अर्चन किया गया। भगवान गुप्तेश्वर महादेव जी की शाही यात्रा में शक्ति नगर चौक में पं. द्वारिका प्रसाद मिश्रा, मजले मिश्रा एवं ऋषभ मिश्रा के द्वारा महाआरती का भव्य आयोजन किया गया।
इसी क्रम में शाही सवारी की कृपाल चौक में जनता जनार्दन द्वारा अगवानी की गई। शाही सवारी यात्रा का जगह जगह स्वागत और पुष्पवर्षा होती रही। नागपुर से आए ढोल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसी क्रम में शास्त्री बीच में पंकज पांडे एवं उनकी टीम के द्वारा भगवान की अगवानी महाआरती के साथ की गई।

शाही सवारी यात्रा में मंदिर के ट्रस्टी महापौर जगत बहादुर अन्नू महापौर, विधायक अजय बिश्नोई, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक लखन घनघोरिया , विधायक डॉ अभिलाष पांडे , पूर्व विधायक विनायक सक्सेना, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर विशेष रूप से शामिल थे। शाही सवारी यात्रा का समापन कटरा वाले हनुमान मंदिर मिलौनीगंज में हुआ, जहां पूजन अर्चन एवं प्रसाद वितरण किया गया।
शाही सवारी यात्रा समिति में संयोजक द्वारिका प्रसाद मिश्र, पंकज पांडे, मंदिर परिवार के एड राजेश तिवारी, पिंकी अग्रवाल, एड उत्कर्ष रावत, राजेंद्र, शेखर सराफ, हर्ष इंदु तिवारी, कमलेश अग्रवाल, कमलेश जायसवाल, डॉ विशेष केसरवानी, रश्मि, सुषमा, एकलव्य ठाकुर मनप्रीत, सर्वेश रजक, मोहित झारिया, महेश केसरवानी आदि ने शाही सवारी यात्रा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
महापौर द्वारा भोलेनाथ की सवारी का पूजन अर्चन…..
सावन के दूसरे सोमवार पर निकली भोलेनाथ की शाही सवारी के अवसर पर मुख्य बस स्टेण्ड पर महापौर जगत बहादुर अन्नू द्वारा भगवान शिव का पूजन अर्चन किया गया। महापौर ने भगवान शिव से शहर में अमन चैन एवं खुशहाली हेतु प्रार्थना की।
शाही यात्रा की महाआरती करने उमड़े श्रद्धालु…..
गुप्तेश्वर महादेव महाराज की शाही यात्रा पर सोमवार को बड़ा फुहारा में भव्यता के साथ महाआरती की गई। जैसे ही शाही यात्रा बड़ा फुहारा पहुंची तो बम-बम भोले के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। उज्जैन की तर्ज पर नगर भ्रमण में प्रजा का हाल जानने निकले गुप्तेश्वर महाराज का बैण्ड की धुन और आतिशबाजी कर स्वागत किया गया। विधि-विधान से पूजन अर्चन कर भक्तों ने भगवान से आशीर्वाद लिया। मां नर्मदा महाआरती गौरीघाट के संस्थापक एवं सचिव डॉ. सुधीर अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भगवान भोलेनाथ की महाआरती की। महाआरती करने वालों डॉ. सुधीर अग्रवाल, शरद अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, पं. मनमोहन दुबे, आदि शामिल थे।