प्रेम प्रसंग में तनाव युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ा


जबलपुर, । जिले की तहसील सिहोरा के गंजताल क्षेत्र में मंगलवार की सुबह फिल्मी स्टाईल में एक युवक प्रेमिका से शादी करने की जिद पूरी करने के लिए हाईटेंशन लाईन के टॉवर पर चढ़ गया| घटना से अफरा तफरी मच गई और किसी तरह पुलिस के प्रयासों से युवक नीचे आया| फिलहाल आत्महत्या के प्रयास के मामलें में पुलिस की हिरासत में है|

बताया गया है कि युवक लगभग 200 फीट ऊंचे टॉवर में चढ़ा था और उतरने के लिए प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ गया था| पुलिस की समझाईश के बाद वह टॉवर से नीचे उतरा, इस दौरान मौके पर तमाशबीनों की अच्छी खासी भीड़ एकत्र हो गई थी।


सिहोरा थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर निवासी रतन कोरी का सिहोरा के ग्राम ग़ंज़ताल गांव की ही मुंह बोली बहन की ननंद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले तैयार नहीं थे। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह रतन गंजताल पहुंचा और बहन की ननद के घर फिर से शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन मना होने पर नाराज होकर टावर पर चढ़ गया।

ऊपर से वह बार-बार यही कहता रहा कि जब तक वह आकर शादी के लिए हां नहीं करेगी, मैं नीचे नहीं उतरूंगा। टावर पर युवक और उसकी जिद देखकर ग्रामीणों ने तुरंत गांव में सूचना दी । इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और फिर सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने की कोशिश शुरू हुई। लगभग साढ़े 3 घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद प्रेमिका को मौके पर बुलाया गया, तब जाकर प्रेमी टॉवर से उतरा|


मौके पर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को अपने मातहत कर्मचारी आरक्षक संदीप पांडे, देवराज पटेल तथा सोमदीप पटेल सहित मौजूद थे। आखिरकार उसकी मांग थाना प्रभारी ने मान ली । लड़की को बुलाया गया और मौके पर उससे बात कराई गई।

जब उससे शादी का वादा किया, तब जाकर रतन टावर से नीचे उतरा। लेकिन जैसे ही युवक ने जमीन पर कदम रखा, पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।