जबलपुर। सीए एसोसिएशन एवं टैक्स बार एसोसिएशन, जबलपुर के सहयोग से, मध्यभारत के अग्रणी टैली पार्टनर पीसी प्लेनेट एवं टैली सॉल्यूशन्स प्रा. लि. के संयुक्त तत्वावधान में “जीएसटी पर परिचर्चा” का आयोजन सोमवार, 23 मार्च 2026 को शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन होटल कृष्णा, भंवरताल गार्डन के सामने, जबलपुर में होगा।
इस विशेष परिचर्चा में Tally Prime 7.0 के नवीन फीचर्स, स्मार्ट बिज़नेस ऑटोमेशन सॉल्यूशन्स तथा अकाउंटिंग एवं टैक्सेशन क्षेत्र में हो रहे आधुनिक तकनीकी नवाचारों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही, जीएसटी एवं इनकम टैक्स के नवीनतम नियमों पर विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सीए अखिलेश जैन (स्वतंत्र निदेशक, गेल इंडिया), सीए चांदनी आहूजा (अध्यक्ष, सीए एसोसिएशन, जबलपुर), एडवोकेट शिविर नेमा (अध्यक्ष, टैक्स बार एसोसिएशन, जबलपुर) एवं वरिष्ठ सीए मनोज जैन सहित शहर के अनेक प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर अधिवक्ता, उद्योगपति एवं व्यवसायिक क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराते हुए पीसी प्लेनेट के निदेशक नितिन जैन द्वारा बताया गया कि बदलते जीएसटी नियमों के अनुरूप व्यवसाय को प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सक्षम कैसे बनाया जा सकता है। टैली सॉल्यूशन्स, बेंगलुरु के वरिष्ठ प्रतिनिधि द्वारा व्यावहारिक समाधान एवं लाइव डेमो के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी।
यह परिचर्चा संस्कारधानी के चार्टर्ड अकाउंटेंट, टैक्स प्रैक्टिशनर, अकाउंटेंट एवं व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के लिए एक उत्कृष्ट अवसर है, जहाँ उन्हें नवीन तकनीकों एवं कर प्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त होंगी।